बरेली। सुभाषनगर पुलिया पर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) अंडरपास बनवाएगा। इसके लिए 53 करोड़ रुपये का एस्टीमेट तैयार कर शासन को भेजा है। बजट मिलने पर काम शुरू होगा। इसके निर्माण से लाइनपार रहने वाले डेढ़ लाख लोगों को लाभ मिलेगा। तपेश्वरनाथ मदिर तक आना-जाना आसान होगा। अभी तक जरा सी बारिश में पुलिया के नीचे जलभराव होने से आवागमन में दिक्कत होती है।
सुभाषनगर पुलिया पर अंडरपास की मांग वर्षों पुरानी है। कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने मुख्यमंत्री से मिलकर इसकी मांग की थी। 20 मई को मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल के साथ पीडब्ल्यूडी, रेलवे और बीडीए के अभियतांओं के साथ मौके का दौरा किया था। रेलवे के अभियंताओं ने कहा था कि वे अंडरपास बना सकते हैं, लेकिन बजट राज्य सरकार से मिलना चाहिए। ऐसे में लोक निर्माण विभाग ने इसे अपनी कार्ययोजना में शामिल किया।
अब शासन से स्वीकृति मिलने पर निर्माण की अड़चन खत्म होगी। सहायक अभियंता राकेश कुमार ने बताया कि अंडरपास के निर्माण को कार्ययोजना में शामिल कर लिया है। निर्देशों के अनुरूप प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। ब्यूरो
एस्टीमेट में ये हैं प्रावधान
अंडरपास 150 मीटर लंबा होगा। इसके दोनों ओर 1.8 किमी सड़क बनाई जाएगी। सड़क की चौड़ाई बढ़ाकर 10 मीटर की जाएगी। यह सड़क जंक्शन की नार्थ व साउथ कॉलोनी को आपस में जोड़ेगी।