बरेली। पहली अक्तूबर से जिले में धान व बाजरा की खरीद होगी। इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। धान के 129 और बाजरा के नौ क्रय केंद्र खोले गए हैं। ऑनलाइन पंजीकरण fci.up.gov.in पर आवश्यक है। पंजीकरण नहीं कराने पर सरकारी खरीद केंद्र पर धान-बाजरा नहीं बेच पाएंगे। खाद्य विभाग के डिप्टी आरएमओ कमलेश पांडेय ने बताया कि 1.30 लाख क्विंटल धान का खरीदने का लक्ष्य है। ढुलाई और छनाई के 20 रुपये प्रति क्विंटल किसान को देने हैं, लेकिन उसकी वापसी बैंक खाते में विभाग करेगा। धान के लिए खाद्य विभाग के 46, पीसीएफ के 31, यूपीएसएस के 27, पीसीयू के 22 एफसीआई के दो ओर मंडी परिषद का एक क्रय केंद्र है। बाजरे के लिए सभी नौ केंद्र खाद्य विभाग के होंगे। बाजरा 2625 रुपये प्रति क्विंटल खरीदा जाएगा। कॉमन ध्यान 2300 और ग्रेड ए का धान 2320 रुपये क्विंटल खरीदा जाएगा। एक अक्तूबर से 31 जनवरी तक खरीद की जाएगी। ब्यूरो
सरकारी कर्मियों और मिल मालिकों का सिंडीकेट टूटेगा
क्रय केंद्र से किस किस्म का धान कुटाई के लिए मिल को जाएगा। अब जिले स्तर पर तय नहीं होगा। क्रय केंद्र से मिल की दूरी और जरूरी जानकारी एनआईसी के पोर्टल पर अपलोड की गई है। पोर्टल से आटोमैटिक तय होगा कि किस केंद्र का धान किस मिल को जाना है। अभी तक खरीद एजेंसियां और मिल वाले आपसी सहमति से तय करते थे। इसमें कई बार इनका सिंडीकेट बन जाता था, लेकिन इस बार ऐसा संभव नहीं होगा।