बरेली जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव-2026 के लिए प्रकाशित अनंतिम मतदाता सूची में बड़ी संख्या में डुप्लीकेट मतदाता होने के साथ ही आयु, नाम में भी ढेरों त्रुटियां हैं। बिथरी चैनपुर गांव की मतदाता सूची में 200 से अधिक नाम ऐसे हैं, जिन्हें गांव वाले ही नहीं जानते। मामले की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी की गई है। डुप्लीकेट मतदाताओं के मामले में नवाबगंज ब्लॉक नंबर वन है, जबकि दूसरे नंबर पर बहेड़ी है।
बिथरी चैनपुर क्षेत्र के ओमवीर का कहना है कि एसआईआर अभियान में जो वोटर लिस्ट सार्वजनिक हुई है, उसमें ग्राम पंचायत के मतदाताओं की संख्या 3,164 है। वहीं, पंचायत चुनाव की वोटर लिस्ट में 4,976 मतदाता हैं। ऐसे में पंचायत चुनाव की वोटर लिस्ट में कई नाम फर्जी होने की आशंका है।
वोटर लिस्ट में गांव की फरजाना बेगम का नाम फरयाना लिखा है। ममता के पति, सोनी व मो. आसिम के पिता के नाम में त्रुटियां हैं। सुहेल को सोयेल और छुट्टन शाह का साह लिख दिया गया है। नवाबगंज के गांव भउआ के साथ ही उड़ला जागीर, सारीपुर, नकटिया के वोटरों के भी नाम बिथरी चैनपुर की मतदाता सूची में दर्ज हैं। ममता पत्नी प्रेमपाल का नाम बिथरी के साथ ही अन्य 60 बूथों पर भी दर्ज है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन के लिए निर्देश जारी किए गए है।
1.22 लाख में केवल 286 मिले अपात्र
मतदाता सूची के वृहद पुनरीक्षण के दौरान 24 वर्ष या उससे अधिक आयु के मतदाता पहली बार वोटर लिस्ट में जोड़े गए। जिस पर निर्वाचन आयोग ने आपत्ति कर जांच कराने के आदेश दिए थे। पूछा था कि यह लोग 18 वर्ष की आयु पूरी होने के इतने समय बाद क्यों वोटर बनाए गए? इन 1,41,211 संदिग्ध वोटरों में से 1,22,262 की जांच हो गई है। इसमें 286 वोटर ही अपात्र पाए गए हैं। शेष 19,249 वोटरों की पात्रता अभी जांची जा रही है।