पानी में मौजूद माइक्रो प्लास्टिक व अन्य तत्वों का पता लगाने में कारगर साबित होगा रोबोट
बरेली। निजी कॉलेज में बीसीए व बीटेक की पढ़ाई कर रहे बरेली के छात्रों ने फ्लोटिंग रोबोट का प्रोटोटाइप तैयार किया है। ये रोबोट पानी में मौजूद माइक्रो प्लास्टिक व अन्य तत्वों का पता लगाने में कारगर साबित होगा।
भारत सरकार के स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन में भी इन युवाओं का दबदबा रहा। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) स्थित केंद्र में जल प्रदूषण की समस्या के निवारण के लिए हार्डवेयर श्रेणी में आमंत्रित मॉडल में टीम ने रोबोटिक फ्लोटिंग प्रोग्राम पर आधारित प्रोटोटाइप बनाया।
मिनिस्ट्री ऑफ अर्थ साइंसेस व केरल मिनिस्ट्री की ओर से टीम गंधर्व नाम से शहर के युवाओं ने प्रतिभाग किया। आयोजन में देश भर के कई शिक्षण संस्थानों से टीमें पहुंचीं। बरेली की टीम ने करीब 30 हजार रुपये की लागत में इस मॉडल को तैयार कर विजेता का खिताब जीता।
टीम के सदस्यों ने बताया रोबोट का मुख्य कार्य तैरते हुए पानी के अंदर मौजूद माक्रोप्लास्टिक, एल्गाई, पानी का पीएच, टीडीएस, क्लोरोफिल आदि पैरामीटर को जांचने के साथ ही डाटा एकत्रित कर डैशबोर्ड पर प्रेषित करना है। इसमें एक विशेष स्पेक्ट्रल सेंसर भी लगाया गया। मॉडल की विशेषता ये भी है कि ये बिना इंटरनेट के भी काम कर सकता है। यही नहीं यदि रोबोट पानी में जाता है और इंटरनेट से कनेक्टिविटी खत्म हो जाए तो भी डाटा कलेक्ट करना बंद नहीं होगा। संवाद
पांच दिन में तैयार हुआ प्रोटोटाइप
हमारी टीम के सदस्यों ने पांच दिन में इस प्रोटोटाइप को तैयार किया। सभी का योगदान रहा। मेरा मुख्य काम हार्ड वेयर एकत्रित कर सॉफ्टवेयर डालना था। इस प्रतियोगिता ने हमारी क्षमता और बढ़ाने को प्रेरित किया। -अहफाक
मैंने एक आई मॉडल तैयार किया, एक ऐसा सिस्टम तैयार किया जो हार्डवेयर का डाटा ह्यूमन रीडेबल फॉर्म में बदल देता। इसके साथ ही एक कैमरा भी लगाया। इसमें भी एआई की सहायता से ऑब्जेक्ट डिटेक्शन मॉडल तैयार किया। ये मॉडल पानी में मौजूद प्लास्टिक और माइक्रो प्लास्टिक की गणना करता है। - विवेक
मेरी भूमिका फ्रंट इंजीनियर की थी, जो भी डाटा हमें मिल रहा था उसे प्रदर्शित करना मेरा काम था। इस प्रोटोटाइप पर असल प्रोडक्ट बनाने का अवसर मिनिस्ट्री ऑफ अर्थ साइंस के साथ मिल सकता है। यदि नहीं तो हम इसे विकसित कर पेटेंट कराएंगे, ताकि ये मार्केट में उतारने के लायक बन सके। - लाल शिवम, सेटेलाइट