विश्व स्वास्थ्य संगठन की ओर से महामारी घोषित किए गए कोरोना वायरस से बचाव के लिए दरगाह आला हजरत से जारी एक अपील में जुमे के साथ पांचों वक्त की नमाज में दुआ करने को कहा गया है। कोरोना से महफूज रहने के लिए इस दुआ को घरों और दुकानों के बाहर लगाने को भी कहा गया है।
दरगाह आला हजरत से जुड़े संगठन जमात रजा मुस्तफा के उपाध्यक्ष सलमान हसन खां ने यह अपील जारी कर कोरोना से हिफाजत के लिए सभी दरगाहों, मस्जिदों, मदरसों और जलसों मे दुआ करने को कहा है। अपील में कहा गया है कि कोरोना चीन समेत तमाम देशों में घातक हो चुका है। सभी दरगाहों के साथ मस्जिदों के इमाम इससे हिफाजत के लिए जुमे के साथ साथ पांचों वक्त की नमाज में दुआ करें। मदरसों और जलसों मे भी दुआ करने की अपील की गई है।
सलमान मियां ने कहा है कि कोरोना अल्लाह का एक अजाब है और इसकी रोकथाम मुश्किल है। इसे रोकने का एक ही रास्ता है कि अल्लाह की बारगाह मे दुआ की जाए कि वह इस जानलेवा वायरस से सभी की हिफाजत करें।
सलमान मियां ने कहा है कि कोरोना ने चीन मे जो दर्दनाक हालात पैदा किए हैं, वह बहुत दुखद है। अब यह वायरस हिन्दुस्तान में भी आ चुका है। इससे डरने के बजाय बचाव करने और अल्लाह से खास दुआ करने की जरूरत है। उन्होंने हिफाजत के लिए इस दुआ को अपने घरों-दुकानों के बाहर लगाने को भी कहा है। जमात के मीडिया प्रभारी समरान खान ने बताया कि यह दुआ सोशल मीडिया पर भी वायरल कर दी गई है।
उर्स-ए-तहसीनी में जायरीन को साफ-सफाई की हिदायत
उर्स-ए-तहसीनी के आगाज के मौके पर भी खानकाह तहसीनी के साहिबे सज्जादा मौलाना हस्सान रजा खां नूरी ने भी जायरीन से कोरोना से सावधान रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि कोरोना से हिफाजत के लिए उर्स में लोग साफ-सफाई का पूरा ख्याल रखें और बा वजू शरीक हों।