बरेली। एलएलबी की प्रवेश परीक्षा 27 जून को प्रस्तावित है, लेकिन रुहेलखंड विश्वविद्यालय की परीक्षाएं छह जुलाई तक होंगी। इसलिए बरेली कॉलेज के शिक्षक इस प्रवेश परीक्षा की तिथि को आगे बढ़ाने के लिए प्रस्ताव तैयार कर रहे हैं। शिक्षकों का कहना है कि बरेली कॉलेज के छात्र-छात्राएं अधिक से अधिक इस प्रवेश परीक्षा में हिस्सा लें और प्रवेश परीक्षा की तैयारी का उन्हें समय भी मिल सके, इसलिए इस प्रस्ताव को तैयार कर विश्वविद्यालय के समक्ष रखा जाएगा। वहीं, एलएलबी में आवेदन की अंतिम तिथि 15 जून है। बरेली कॉलेज के विधि विभाग के प्रभारी डॉ. संजय ने बताया कि प्रवेश परीक्षा, विश्वविद्यालय की परीक्षाओं के बीच कराने से छात्रों का नुकसान होगा, वह पर्याप्त स्कोर नहीं कर पाएंगे, इसलिए एलएलबी की प्रवेश परीक्षा की तारीख आगे बढ़ाने के लिए अनुरोध किया जा रहा है।