पांच अज्ञात को भी बनाया गया आरोपी, बोर्ड की बैठक में उठा था मामला
बरेली। नगर निगम कार्यालय से कई संपत्तियों की पत्रावलियां गायब होने के मामले में नगर आयुक्त संजीव मौर्य के आदेश पर कर अधीक्षक मुन्ना राम ने लिपिक जया शर्मा, अजय प्रकाश, विपिन कुमार, कर संग्रहकर्ता नेत्रपाल व पांच अज्ञात के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
25 अगस्त को हुई बोर्ड की बैठक में पार्षद सतीश चंद्र कातिब ने पटेल चौक स्थित संपत्तियों की पत्रावलियां नगर निगम कार्यालय से गायब होने का मामला उठाया था। इनमें विशाल मेगा मार्ट की मूल पत्रावली भी शामिल है। महापौर ने भी पत्रावलियां उपलब्ध कराने का आदेश दिया। विशाल मेगा मार्ट की पत्रावली का नगर आयुक्त ने अवलोकन किया तो पाया कि तत्कालीन नगर आयुक्त के आदेश संबंधी नवंबर 2019 की पत्रावली गायब है। कई अन्य निजी संपत्तियों की पत्रावलियां भी गायब मिलने पर नगर आयुक्त ने संबंधितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने का आदेश दिया था। बुधवार को मामले में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई। संवाद