प्रापर्टी डीलर समेत चार गिरफ्तार, दस बाइकें और एक स्कूटी बरामद
विज्ञापन
सीबीगंज में बना रखा था गोदाम, थाना पुलिस को भनक भी नहीं लगी
दुनका (बरेली)। सीबीगंज का प्रापर्टी डीलर संतोष कुमार बाइकें चोरी कराकर उत्तराखंड में बेचता था। शाही पुलिस ने उसके घर से दस बाइकें और एक स्कूटी बरामद करके प्रापर्टी डीलर समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर ऑटोलिफ्टर गिरोह का भंडाफोड़ किया है।
शाही पुलिस ने रविवार को सीबीगंज में जौहरपुर के सलमान उर्फ सोहिल, आईटीआर कॉलोनी के आमिल खान और इंद्रनगर कॉलोनी के रोहित को चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार किया थी। पूछताछ में आरोपियों ने अपने सरगना का नाम सीबीगंज के गांव जौहरपुर निवासी प्रापर्टी डीलर संतोष कुमार बताया था। उसके घर में चोरी की कई बाइकें खड़े होने की बात भी पुलिस को बताई थी। रविवार रात शाही पुलिस ने उसके घर में दबिश देकर दस बाइकें और एक स्कूटी बरामद की। ये बाइकें सीबीगंज, किला, शाही समेत जिले के कई थाना क्षेत्रों से चोरी की गईं थीं।
बाइक के साथ मिलते थे कागजात, आसानी से हो जाती थी बिक्री
एसओ शाही अश्वनी कुमार ने बताया कि ज्यादातर लोग बाइक के कागजात उसी में रखते हैं। ये गिरोह उन्हीं कागजात का इस्तेमाल कर चोरी की बाइक उत्तराखंड में बेच देता था। कागजात साथ होने की वजह से बेचने में भी कोई दिक्कत नहीं होती थी। अगर किसी बाइक में कागजात नहीं मिलते थे तो उसके फर्जी बनवा लेते थे।
घर को बना रखा था गोदाम, सीबीगंज पुलिस अनजान
प्रापर्टी डीलर लंबे समय से बाइक चोरी के धंधे में लिप्त था और चोरी की बाइकें उसके घर में ही खड़ी रहती थीं। शाही पुलिस को इसकी सूचना मिली तो कार्रवाई कर दी गई लेकिन स्थानीय पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी।