बरेली। बरेली कॉलेज में बीएससी सेकेंड ईयर की छात्रा प्रिया आर्या को एनएसएस का सर्वोच्च सम्मान दिया गया है। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) की एनएसएस इकाई में सक्रिय रहने के दौरान किए गए कार्यों के लिए मंगलवार को उन्हें यह पुरस्कार राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित कार्यक्रम में दिया। प्रिया के पिता टेलर हैं और राष्ट्रपति ने पुरस्कार देते समय 17 वर्षीय प्रिया को बधाई देते हुए कम उम्र में बड़ा काम करने की बात कही।
प्रिया आर्या जीजीआईसी में पढ़ाई के दौरान वर्ष 2016 में एनएसएस से जुड़ी थीं। इस दौरान उन्होंने अपनी शिक्षिका अर्चना राजपूत के नेतृत्व में तमाम गतिविधियों में हिस्सा लिया। पढ़ाई के साथ ही प्रिया मोहल्ले के गरीब बच्चों को निशुल्क पढ़ाती और योगा भी सिखाती हैं। प्रिया आर्या को यह पुरस्कार वर्ष 2017-18 के लिए दिया गया है। मौजूदा समय में प्रिया बरेली कॉलेज से पढ़ाई कर रही हैं। इस पुरस्कार के लिए पूरे देश से चयनित 30 प्रतिभागियों में प्रिया भी शामिल हैं। प्रिया की उपलब्धि पर बरेली कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार शर्मा, चीफ प्रॉक्टर डॉ. वंदना शर्मा, टीम लीडर मोहित शर्मा और रुहेलखंड विश्वविद्यालय के एनएसएस समन्वयक डॉ. सोमपाल शर्मा ने बधाई दी है।