उर्वरक के 25 नमूने भरे
जिला कृषि अधिकारी ऋतुषा तिवारी ने सोमवार को बहेड़ी तहसील क्षेत्र में तराई बीज भंडार, न्यू शिवम बीज भंडार, कमल बीज भंडार, शिवा एजेंसी और पंकज फर्टिलाइजर एजेंसी, बहेड़ी कृषि सेवा केंद्र पर जाकर खाद और बीज की जांच की। कई दुकानों से खाद के 25 नमूने भी भरे। हालांकि इस दौरान कोई दुकानदार अधिक मूल्य पर खाद बेचता नहीं मिला। सभी दुकानों पर डीएपी माैजूद पाई गई।
मंडल में 80,549 मीट्रिक टन खाद का वितरण
संयुक्त कृषि निदेशक डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि इस समय रबी फसलों की बोआई चल रही है। गेहूं, सरसों, आलू और दलहनी फसलों के लिए 97,606 मीट्रिक टन खाद उपलब्ध कराई गई थी। इसमें से 80,549 मीट्रिक टन खाद वितरित कर दी गई है। उन्होंने कहा कि अगर कहीं किसानों को दिक्कत है तो वह कार्यालय आकर शिकायत दर्ज कराएं।
जिला कृषि अधिकारी ऋतुषा तिवारी ने बताया कि मंगलवार को दुकानों का निरीक्षण किया जाएगा। अगर कोई दुकानदार ज्यादा दाम पर खाद बेचता पाया गया या फिर जिंक व कीटनाशक खरीदने का दबाव बना रहा है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।