बीएड की काउंसलिंग के बाद खाली बची 31 हजार सीटों पर निजी कॉलेज अब खुद एडमिशन ले सकेंगे। इसके लिए रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने दिशानिर्देश जारी कर दिए हैं। वहीं, पूल काउंसलिंग में शामिल हुए 39,500 अभ्यर्थियों ने सोमवार तक कॉलेज आवंटन पत्र डाउनलोड किए हैं। बाकी अभ्यर्थी नौ जुलाई तक कॉलेज आवंटन पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।
बीएड की राज्य स्तरीय प्रवेश परीक्षा के बाद तीन चरणों की काउंसलिंग पूरी हो चुकी है। इसके बाद 31 हजार सीटें खाली बची हैं। इन पर एडमिशन को लेकर सोमवार को रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने आदेश जारी कर दिए हैं। 12, 13 और 14 जुलाई को स्ववित्तपोषित कॉलेज इन सीटों पर प्रवेश परीक्षा में रैंक पाने वाले अभ्यर्थियों के सीधे एडमिशन ले सकेंगे। मगर इसके लिए भी कुछ शर्तें लगाई गई हैं। सीधे प्रवेश उन्हीं अभ्यर्थियों का हो सकेगा, जिन्होंने रैंक प्राप्त की है और काउंसलिंग के किसी भी राउंड में हिस्सा नहीं लिया है। इसके अलावा जिन अभ्यर्थियों ने काउंसलिंग में हिस्सा लिया लेकिन कॉलेज नहीं मिल सका या फिर कॉलेज मिला लेकिन किसी कारण से फीस नहीं जमा कर पाने वाले अभ्यर्थियों को मौका दिया जाएगा।
कॉलेज बदलने का नहीं मिलेगा मौका
कॉलेज बदलने के चक्कर में एडमिशन न लेने वाले अभ्यर्थियों से विश्वविद्यालय यहां भी कोई रियायत नहीं करेगा। सीधे एडमिशन की प्रक्रिया में इन अभ्यर्थियों को कॉलेज बदलने की छूट नहीं मिलेगी।