बरेली। फिटनेस और परमिट के बिना ही 90 सवारियां लेकर दौड़ रही निजी बस को बुधवार को परिवहन विभाग की टीम ने सीज कर दिया। बुधवार को एआरटीओ प्रवर्तन राजेश कर्दम पीलीभीत बाइपास से गुजर रहे थे। सेटेलाइट बस अड्डे के पास उनकी नजर एक निजी बस पर गई। बस में क्षमता से ज्यादा सवारियां देखकर उन्होंने उसे रुकवाकर कागजात मांगे तो पता चला कि फिटनेस, बीमा और परमिट के बिना ही बस का संचालन किया जा रहा था। बस में 90 सवारियां थीं। एआरटीओ ने बस को सीज कर दिया। इसके अलावा ओवरलोडिंग में सीबीगंज में चार, फतेहगंज पश्चिमी में दो और परसाखेड़ा में तीन ट्रक भी सीज किए गए। अवैध रूप से संचालित 25 अन्य वाहनों का चालान किया गया। संवाद