भमोरा (बरेली)। सड़क हादसे में एक कबाड़ी की मौत के बाद उसे घायल समझकर अस्पताल ले जाने की जल्दबाजी में निजी एंबुलेंस शव पर चढ़ा दी। हालांकि बाद में इसी एंबुलेंस से शव को निजी और फिर जिला अस्पताल ले गया। परिजनों ने पोस्टमार्टम के बाद शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।
नकटपुर गांव निवासी 32 वर्षीय गुड्डू शाह कबाड़ खरीदने व बेचने का काम करते थे। रोज की तरह कबाड़ बेचने के बाद बृहस्पतिवार रात वह देवचरा की साप्ताहिक बाजार से सब्जी खरीद घर लौट रहे थे। बरेली-बदायूं रोड पर नकटपुर मोड़ के पास पीछे से आ रही कार से गुड्डू शाह की टक्कर हो गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इधर, राहगीरों व ग्रामीणों ने हादसा देखा तो घायल समझकर पुलिस को सूचना दी। इधर, घायल को ले जाने की जल्दबाजी में निजी अस्पताल की एंबुलेंस का चालक रफ्तार पर काबू न कर सका। इस कारण एंबुलेंस गुड्डू के शव पर चढ़ा दी। एंबुलेंस शव को निजी अस्पताल ले गई। इसके बाद शव पोस्टमार्टम हाउस ले जाया गया।
सूचना पर पहुंची भमोरा पुलिस ने ठेली को कब्जे में लिया है। गुड्डू शाह के परिवार में पत्नी, पांच पुत्र व दो पुत्रियां हैं। शुक्रवार दोपहर गुड्डू शाह का शव गांव के कब्रिस्तान में सुपर्द-ए-खाक किया गया। भमोरा एसएचओ ऋषिपाल सिंह ने बताया कि गुड्डू के भाई मैसर शाह की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है। वाहन को कब्जे में लिया है। जांच की जा रही है। संवाद