हत्या में शामिल के एक अभियुक्त के बयानों के आधार पर हुई कार्रवाई
बरेली। प्रधान इश्हाक की हत्या की साजिश पूर्व प्रधान रतनलाल और उसके बेटे राहुल ने भी रची थी। दोनों ने हत्यारोपी राहुल उर्फ धीरू से उन्हें मरवाने के लिए संपर्क किया था। धीरू के बयान के आधार पर कैंट पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को उन्हें जेल भेजा जाएगा।
कैंट के गांव परगवां निवासी नवर्निवाचित प्रधान इश्हाक और उनकी पत्नी शकीना पर 20 मई शाम फायरिंग की गई थी, जिसमें प्रधान की मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस मोहर सिंह, उसके बेटे अनुराग, दामाद भगवत, उसके दोस्त लाल फाटक निवासी राहुल उर्फ धीरू, लोकेश और मुखबिरी करने वाली महिला आशिया को जेल भेज चुकी है। मुकदमे में नामजद पूर्व प्रधान रतनलाल और उसके बेटे राहुल पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। वहीं, पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि मोहर सिंह से पहले रतनलाल और उसके बटे ने राहुल उर्फ धीरू से संपर्क कर इश्हाक की हत्या करने को कहा था मगर उसने इनकार कर दिया। एसएसपी का कहना है कि वे दोनों भले ही हत्या में नहीं शामिल हैं लेकिन उन्होंने प्रधान की हत्या की साजिश रची थी। इसी आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मंगलवार को उन्हें जेल भेजा जाएगा।