हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल किया रेफर, हादसा बचा
क्योलड़िया। भदपुरा ब्लाॅक की ग्राम पंचायत प्रहलादपुर के मजरा वैवाई के प्राथमिक स्कूल में कुकिंग सिलिंडर में आग लगने से खाना बना रही रसोइया गंभीर रूप से झुलस गई। आग की लपटों के देख स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। स्कूल के स्टाफ और ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया। बाद में स्कूल के स्टाफ ने आनन-फानन में रसोइया को सीएचसी क्योलड़िया भेजा, लेकिन चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
ग्रामीणों के अनुसार प्राथमिक विद्यालय में सोमवार को स्कूल बच्चों के लिए रसोइया सर्वेश कुमारी मिड-डे-मील के तहत खाना बना रही थी। खाना बनने के बाद वह गैस बंद करना भूल गई, जब वह गैस बंद करने पहुंची। तभी रसाेई में आग लग गई, जिसकी चपेट में आकर वह झुलस गई। हालांकि ग्रामीणों और स्टाफ ने सजगता दिखाते हुए आग पर काबू पाया।
घटना से ग्रामीणों में नाराजगी
रसोइया की लापरवाही के चलते स्कूल में बड़ हादसा होने से बच गया। इस घटना से बच्चों की जान आफत में पड़ सकती थी। घटना को लेकर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई है। प्रधानाध्यापक राजेश बाबू ने बताया कि रसोइया की लापरवाही से गैस सिलिंडर का रेगुलेटर खुला रह गया। उन्होंने जैसे ही गैस स्टोव को चालू करने को माचिस की तीली लगाई। वैसे ही वह झुलस गई। फिलहाल, जिला अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।