कारोबारियों के मुताबिक अगले महीने महंगी होंगी कुछ और दवाएं
बरेली। पेट्रोल और डीजल पर महंगाई के शोर में चुपके से दवाओं की भी कीमत बढ़ गई है। बुखार, दर्द निवारक, दौरा, गैस्ट्रिक और एंटीबायोटिक समेत करीब दो दर्जन दवाएं एक महीने में ही पांच से 20 फीसदी तक महंगी हो गई हैं। दवा कारोबारियों के मुताबिक कुछ और दवाइयों के दाम अगले महीने से बढ़ने वाले हैं। केमिस्ट एसोसिएशन ने कंपनियां के अंधाधुंध तरीके से दवाओं के दाम बढ़ाने पर रसायन उर्वरक मंत्री को पत्र लिखा है। कहा है, इस महंगाई से मरीजों की मुश्किल बढ़ेगी।
दवाओं पर महंगाई बढ़ने की वजह कच्चे माल की कमी और पेट्रोल-डीजल के दामों में लगातार हो रही वृद्धि को बताया जा रहा है। कोलेस्ट्रॉल, दिल, सांस, गर्भावस्था संबंधी बीमारियों के अलावा एंटीबायोटिक दवाओं की कीमतों में बेतहाशा बढ़ोतरी हुई है। कई जीवन रक्षक दवाएं ऐसी हैं, जिन्हें मरीजों को लंबे समय तक खाना पड़ता है, उनके भी दाम बढ़ गए हैं। दवाओं के रोजाना दाम बढ़ने से मरीजों के साथ दवा विक्रेता भी परेशान हैं।
कई दवा की कीमतों में दोगुनी तक की वृद्धि हुई है। दाम बढ़ने पर एसोसिएशन की ओर से रसायन व उर्वरक मंत्री को पत्र लिखा गया है। दवा कंपनियों की मनमानी जारी रही तो जल्द मंत्री से मुलाकात करेंगे। - दुर्गेश खटवानी, अध्यक्ष, महानगर केमिस्ट एसोसिएशन
शुगर, ब्लड प्रेशर की दवा की कीमतों में पांच से 10 फ ीसदी और मल्टी विटामिन तथा एंटीबायोटिक्स के दामों में 20 फीसदी तक की तेजी आई है। पेट्रोल-डीजल की महंगाई का असर फार्मा इंडस्ट्री पर पड़ा है पर इतना भी नहीं है कि दवाओं के दाम बेतहाशा बढ़ा दिए जाएं। - महेंद्र कुमार, अध्यक्ष युवा केमिस्ट एसोसिएशन
इन दवाओं के बढ़े दाम
- - बुखार की दवा सिनारिस्ट सिरप का दाम 80 से बढ़कर 89 रुपये।
- - हृदयरोग की दवा मेटाकार्ड एक्सएल की 10 गोली की कीमत 60 रुपये से बढ़कर 65 रुपये।
- - ब्लड प्रेशर की मेटागार्ड सीआर 60 की 10 गोली के दाम 167 से अब 175 रुपये।
- - कोलेस्ट्रॉल की गोली रोजावेल 20 की 10 टैबलेट की कीमत 303 से बढ़कर 330 रुपये।
- - गरारा करने वाली दवा बीटाडीन के दाम 210 के स्थान पर 230 रुपये।
- - यूरिक एसिड की दवा फेबुस्टेट-40 की 10 गोली 184 रुपये की जगह 202 रुपये।
- - सांस की दवा एबीफ्लो के 10 कैप्सूल 112 की जगह 124 रुपये।
- - एंबी फाइलीन 100 एमजी की 10 गोली 123 रुपये की जगह 135 रुपये।
- - शुगर के मरीजों को दी जाने वाली ग्लिमिप्रेक्स एमएफ -1, 500 एमजी की 10 गोली 55 से बढ़कर 60 रुपये।
- - जोक्सान आई ड्रॉप 5.5 पांच रुपये से बढ़कर 12.5 रुपये।
- - एंटीगैस्ट्रिक पैंटुसिड की 10 गोली 130 रुपये बढ़कर 159 रुपये।
- - शुगर में प्रयोग होने वाली वोक्यिम जीएम 97 रुपये से बढ़कर 126 रुपये।
- - दर्द निवारक अल्ट्रासेट 93 रुपये से बढ़कर 108 रुपये।
- - वेटनोवेट सी क्रीम 38 रुपये से बढ़कर 48 रुपये।
अगले महीने से इन दवाओं के बढ़ जाएंगे दाम
- - दौरे में प्रयोग होने वाली कार्वाजिपिन सिरप 21 रुपये से बढ़कर 32 रुपये की होगी, टैबलेट के दाम में भी करीब डेढ़ गुनी बढ़ोतरी होगी।
- - एंटीगैस्ट्रिक रेनीटिडिन सीरप 64 रुपये से बढ़कर 120.90 रुपये का हो जाएगा। टैबलेट के दाम भी बढ़ेंगे।
- - दर्द निवारक दवा ब्रूफेन के दाम भी दोगुने बढ़ जाएंगे।