बरेली। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डा. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि गोकशी करने वालों के खिलाफ दबिश देने गए दरोगा मनोज मिश्रा की गोली मारकर हत्या करने के पीछे बड़ा खेल है। इस पूरे घटनाक्रम की हकीकत जानने के लिए प्रदेश भाजपा की प्रदेश स्तरीय टीम बरेली और लखीमपुर खीरी पहुंचेगी। फिलहाल दोनों जिलों से फीड बैक ले लिया गया है। प्रदेश स्तरीय टीम की रिपोर्ट कार्रवाई के लिए केंद्र सरकार को भेजी जाएगी। उसी रिपोर्ट केआधर पर केंद्र प्रदेश सरकार पर कार्रवाई के लिए दबाव बनाएगी।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने अमर उजाला से मोबाइल पर बात करते हुए कहा कि प्राथमिक जानकारी लेने के लिए लखीमपुर जिला इकाई से रिपोर्ट मांगी गई है। उसी के बाद क्षेत्रीय पदाधिकारियों की टीम बरेली और लखीमपुखीरी में पड़ताल के लिए भेजी जाएगी। उसी रिपोर्ट पर आगे की रणनीति तय होगी।
उन्होंने कहा कि प्रथमदृष्टया इस घटना से स्पष्ट है कि बरेली, सहित पश्चिमी यूपी के कई शहरों में गोकशी बड़े पैमाने पर हो रही है। पशु तस्करों के गैंग को प्रदेश सरकार के नेता पनाह दे रहे हैं। इस मामले की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। पशु तस्करों के साथ-साथ उनको पनाह देने वाले नेताओं के खिलाफ कार्रवाई के लिए भाजपा रणनीति तैयार करेगी।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि कानून व्यवस्था प्रदेश सरकार का अधिकार है। इस बारे में प्रदेश को ही निर्णय लेना है लेकिन जब प्रदेश सरकार निष्पक्षता से निर्णय नहीं लेगी तो केंद्र सरकार से दबाव बनवाएंगे। जरूरत पड़ेगी तो भाजपा प्रदेश सरकार के दोहरे चेहरे को बेनकाव करने के लिए आंदोलन भी करेगी।