बरेली में भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) का 11वां दीक्षांत समारोह स्वामी विवेकानंद सभागार में 30 जून को आयोजित होगा। इसमें बतौर मुख्य अतिथि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मेधावियों को पदक से नवाजेंगी। राष्ट्रपति भवन से स्वीकृति मिलने के बाद समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। संस्थान के निदेशक की ओर से आईसीएआर, जिले के जनप्रतिनिधियों, जाट रेजिमेंटल सेंटर, यूबी एरिया, गरुड़ डिविजन, एयरफोर्स, आईटीबीपी, जिला प्रशासन, पुलिस, पीएसी के उच्चाधिकारियों को आमंत्रण पत्र भेजा जा रहा है।
दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति द्वारा 24 मेधावियों को मेडल, बीवीएससी एंड एएच के 41, एमवीएससी के 328 और पीएचडी के 207 विद्यार्थियों को उपाधि दी जाएगी। 65 वैज्ञानिकों को प्रतिष्ठित पुरस्कार मिलेगा। संस्थान निदेशक डॉ. त्रिवेणी दत्त के मुताबिक, दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति की उपस्थिति शिक्षार्थियों, वैज्ञानिकों और आईवीआरआई परिवार के लिए प्रेरणादायक होगी।