शिवराज ने भांजे-भांजी कहकर बनाया जुड़ाव
मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री रहते मामा उपनाम से चर्चित रहे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज ने अपने संबोधन का आगाज ही छात्र-छात्राओं को भांजें-भांजियों कहकर किया। कहा कि यह केवल डिग्री नहीं, यह देश, किसान और पशुपालकों के कल्याण की बड़ी जिम्मेदारी है। शिवराज ने स्वामी विवेकानंद के कथन का उदाहरण देकर उन्हें प्रेरित किया कि आप अकेले नहीं हैं। आप राष्ट्र के भविष्य हैं। आप जो सोचेंगे, वही बनेंगे। देश को ऐसे वैज्ञानिकों की जरूरत है जो ज्ञान को सेवा में बदलें।
मुख्यमंत्री ने किया नाथ नगरी और झुमके का जिक्र
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बरेली को देश की पौराणिक और आध्यात्मिक नगरी बताकर राष्ट्रपति को इसकी खासियत बताई। कहा कि यह क्षेत्र प्राचीन काल में पांचाल राज्य के रूप में विख्यात था। यहां भगवान शंकर के सात प्राचीन मंदिर स्थापित हैं। इनके साथ ही राष्ट्रीय स्तर का संस्थान आईवीआरआई भी बरेली को नई पहचान दे रहा है। अंत में उन्होंने झुमके का जिक्र कर भी बरेली का नाम लिया।