विश्वविद्यालय ने ऑनलाइन,ऑफलाइन दोनों तरह से कार्यक्रम कराने का लिया फैसला
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने वर्तमान शैक्षिक सत्र का दीक्षांत समारोह 20 फरवरी से 11 मार्च के मध्य कराने का फैसला लिया गया। यह भी तय हुआ कि कोरोना के चलते इस बार दीक्षांत समारोह ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह से कराया जाएगा। ताकि कार्यक्रम के दौरान भीड़भाड़ को नियंत्रित रखते हुए कोविड के नियमों का अनुपालन कराया जा सके।
मिनिस्ट्रियल स्टाफ एसोसिएशन के सभागार में दीक्षांत समारोह के आयोजन को लेकर कुलपति प्रोफेसर केपी सिंह ने बैठक कर तैयारियों पर चर्चा की। चर्चा के दौरान बताया गया कि पहले यह कार्यक्रम दिसंबर में कराया जाना प्रस्तावित था मगर अब यह समारोह 20 फरवरी से 11 मार्च के मध्य कराया जाएगा। कोविड की वजह से इस बार दीक्षांत समारोह पूर्व में हुए कार्यक्रमों से अलग होगा। भीड़ कम करने के लिए इस बार यह समारोह ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह से होगा। इस समारोह में पूर्व से निश्चित प्रोटोकॉल के अनुसार ही ड्रेस कोड का अनुपालन करना होगा। कुलपति ने परीक्षा और रिजल्ट से संबंधित सभी लंबित कार्यों को अविलंब पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही दीक्षांत समारोह की तैयारियों को भी यथाशीघ्र पूर्ण कराने को कहा गया।