मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के आगमन को लेकर बरेली कॉलेज के क्रिकेट मैदान पर आनन-फानन में तैयारी शुरू हो गई है। मंच और फेंसिंग आदि की जिम्मेदारी गोपेश अग्रवाल को सौंपी गई है। जनसभा के आयोजन में चूंकि अब ज्यादा समय नहीं बचा है, लिहाजा युद्धस्तर पर तैयारी हो रही है। नगर निगम ने जेसीबी मशीन और सफाई कर्मी तैनात कर दिए हैं। मैदान पर 18 गुणा 38 फुट का मंच बनेगा। श्रोताओं के लिए कुर्सियां भी उपलब्ध होंगी। पब्लिक खड़े होकर भी सीएम योगी के विचार सुन सकती है।
जिम्मेदारी सौंपी
जनसभा में भीड़ जुटाने के लिए विधायक और पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। बताया जाता है कि हर नगर पंचायत में चुनाव प्रचार चरम है, इससे भीड़ जुटानी भी एक चुनौती होगी। समझा जाता है कि भीड़ जुटाने के लिए ही मैदान बदला गया है क्योंकि एमबी कॉलेज तक पहुंचना मुश्किल होता है। पिछले दिनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य की जनसभा वहां फ्लाप शो साबित हो चुकी है।
होटल में नहीं रुकेंगे
सीएम योगी किसी होटल अथवा किसी के घर नहीं रुकेंगे। निजी होटल में रुकवाने का भी फैसला संचालन समिति ने किया था। सीएम जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा में हैं, इसलिए स्वर्ण टॉवर जैसा होटल उनके लिए उपयुक्त नहीं माना गया। लिहाजा प्रशासन और भाजपा के शीर्ष नेताओं ने उन्हें सर्किट हाउस में ठहराना तय किया है। अब हेलीकॉप्टर भी पुलिस लाइन में उतरेगा।
सिर पकड़कर बैठा एमबी कॉलेज प्रबंधन
एमबी कॉलेज मैदान पर जनसभा का कार्यक्रम रद होते ही कुछ सलाहकारों में मायूसी है। साथ ही मंच आदि तैयार करने वाला ठेकेदार भी माथा पकड़कर बैठ गया है। सबसे ज्यादा कॉलेज प्रबंधन में गुस्सा देखा गया है। उनका कहना है कि परोसी हुई थाली वापस करना अच्छा नहीं होता। गुरुवार दोपहर तक स्पष्ट हो गया था कि कार्यक्रम बरेली कॉलेज मैदान पर होगा, अमर उजाला ने इसकी जानकारी प्रकाशित कर दी थी, इससे भगदड़ जैसी स्थिति हो गई। मैदान पर मंच आदि बनाने वाले सत्यप्रकाश सत्यम ने बताया कि उन्होंने आयोजकों के कहने पर बड़ी रकम नये कारपेट आदि खरीदने में लगा दी है। मंच पूरी तरह आयरन से बनाया गया है। बता दें कि भाजपा संचालन सदस्यों के बचकाने फैसले से रद्दोबदल हुई है। असुरक्षित और चारों ओर से खुला मैदान चयन करने वाले आयोजकों पर शीर्ष नेता जमकर बरसे भी हैं।
गड्ढे भरने वाली टीम बरेली कॉलेज की ओर दौड़ी
सीएम योगी पुलिस लाइन मैदान में उतरेंगे और फिर सर्किट हाउस होते हुए बरेली मैदान पहुंचेंगे। सीएम योगी सभा के बाद फिर सर्किट हाउस आएंगे और रामपुर बाग स्थित अशोक गोयल के आवास पर प्रबुद्ध नागरिकों के साथ बैठक करेंगे। इससे साफ जाहिर है कि सीएम पूरा समय सिविल लाइंस में बिताएंगे। प्रशासन, लोक निर्माण विभाग और नगर निगम ने इस क्षेत्र में तैयारी नहीं की थी, इसलिए अब पूरा अमला एमबी कॉलेज और आसपास से हटाकर इधर रवाना किया गया है। बरेली कॉलेज और संबंधित इलाकों में देररात तक काम होता रहा। बिजली विभाग भी अलर्ट हो गया है। अधिशासी अभियंता अंबरीश श्रीवास्तव ने बरेली कॉलेज, रामपुर बाग और सर्किट हाउस आदि स्थानों पर सप्लाई व्यवस्था दुरुस्त कराना शुरू कर दिया है। शनिवार और रविवार दोपहर तक शहर कटौती मुक्त रहेगा।
प्रशासन की टेंशन दूर
मैदान बदलने से प्रशासन की टेंशन दूर हो गई है। एमबी कॉलेज मैदान पर जनसभा के बाद सीएम को जिन रास्तों से होकर सिविल लाइंस आना था, उनकी स्थिति दयनीय है। डिबाइडर, स्ट्रीट लाइट, सफाई व्यवस्था भी चौपट है। इससे नगर निगम के अफसरों पर गाज गिर सकती थी।
फोटो सहित दोनों खबरें:
सीएम के डर से डैथ प्वाइंट का इलाज शुरू
सीएम योगी आदित्य नाथ शनिवार दोपहर बरेली पहुंच रहे हैं, इसलिए जगह-जगह मरम्मत के कार्य शुरू हो गए हैं। गुरुवार सुबह डेलापीर मंडी गेट के पास सौ फुटा चौराहा पर टूटा हुआ ट्रैफिक शेड बनना शुरू हो गया। लंबे समय से टूटे इस शेड को बनवाया नहीं जा रहा था, जबकि दो करोड़ रुपये से ज्यादा सौ फुटा मार्ग के पुनर्निर्माण पर खर्च कर दिए गए।
पेड़ कौन हटवाएगा
मंडी गेट के सामने करीब दो माह पहले एक भारी भरकम पाकड़ धराशाई हो गई थी। इससे यातायात प्रभावित हो गया। एक गरीब का रिक्शा भी नीचे दब गया, लेकिन नगर निगम प्रशासन नहीं जागा। 25 नवंबर को सीएम आ रहे हैं, सो मंडी समिति में भी सफाई कार्य शुरू हो गया है। सड़क पर गिरे पेड़ से यह इलाका दुर्घटना संभावित क्षेत्र बन गया है। रात में लाइटें नहीं जलने से आए दिन राहगीर चुटैल हो रहे हैं, लेकिन निगम अफसर नींद में हैं।