बरेली। स्मार्ट मीटर की गड़बड़ियां और विद्युत निगम की लापरवाही थमने का नाम नहीं ले रही है। गंगापुर निवासी मुकेश कुमार ने बताया कि उनके नाम आवंटित प्रीपेड मीटर आरके गोयल के घर पर लगा दिया गया। उनके यहां दूसरा मीटर लगाया गया। रिचार्ज करने के बावजूद सोमवार सुबह उनके घर की बिजली गुल हो गई, जबकि एप में एप में 2638 रुपये बैलेंस दिखा रहा है। अब परिवार अंधेरे में है। यह तो बानगी मात्र है। हेल्प डेस्क पर ऐसी शिकायतों की भरमार है।
उपभोक्ताओं ने गिनाईं प्रीपेड मीटर की खामियां
मेरे घर में सिर्फ एक पंखा व नौ वॉट का एक बल्ब लगा है। बिल तीन हजार रुपये प्रति माह आ रहा है। 31 मार्च को पूरा बिल जमा किया। अब 13 दिन 2564 रुपये निगेटिव बैलेंस होने से सुबह लाइट कट गई। - मो. सलीम, आकांक्षा एन्क्लेव
मेरे प्रीपेड स्मार्ट मीटर में 3989 रुपये बैलेंस है। इसके बाद भी सुबह मेरी लाइट कट गई। सुबह से विद्युत निगम के कार्यालय का चक्कर काट रहा हूं, पर कोई हल नहीं निकला। - दीपक सिंह, मिनी बाइपास तिराहा
नौ अप्रैल को 1431 रुपये माइनस होने पर मैने अपने प्रीपेड मीटर में दो हजार रुपये का रिचार्ज किया था। अब चार दिन बाद ही एक बार फिर बैलेंस 663 रुपये माइनस दिखा रहा है। - जुनैद खान, इज्जतनगर
26 अगस्त 2025 को स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगा। बिल ज्यादा आ रहा था। इसकी शिकायत की पर सुनवाई नहीं हुई। अब निगेटिव बैलेंस होने पर तीन दिन पहले लाइट काट दी गई। - तुषार, डेलापीर