भमोरा। बरेली-बदायूं मार्ग पर नकटपुर मोड़ के पास एक निजी अस्पताल के लैब ने शनिवार को गर्भवती महिला की डेंगू रिपोर्ट को पॉजिटिव दिखाकर अपने यहां भर्ती कर लिया। यहां महिला के गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई।
हालत बिगड़ने पर आनन-फानन में परिजन महिला को शहर के एक निजी अस्पताल में ले गए। सूचना पर सीएचसी प्रभारी ने लैब को सील करते हुए संबंधित अस्पताल को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
सीएचसी भमोरा चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विवेक कुमार ने बताया कि एक गर्भवती महिला सीएचसी भमोरा पर खून की जांच कराने आई थी। जांच करने पर डेंगू रिपोर्ट नेगेटिव मिली। इसके बाद महिला को उसके परिजनों ने नकटपुर मोड़ के पास एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां अस्पताल में बनी लैब द्वारा दोबारा खून जांच में उसकी डेंगू रिपोर्ट पॉजिटिव दिखा दी गई।
यहां अस्पताल में दो घंटे तक उसे भर्ती किया गया। उससे खाली पन्ने पर हस्ताक्षर करा लिया गया। इलाज न मिलने पर उसके गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई। हालत गंभीर होने पर महिला को उसके परिजन बरेली के निजी अस्पताल ले गए। संवाद