आंवला/भमोरा। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के संस्थापक प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि पुलिस पर हमला करने वाले पत्थरबाजों के होश ठिकाने लगाने के लिए योगी जैसे नेता की जरूरत है, इसलिए योगी का समर्थन सभी हिंदुओं को करते रहना होगा। अब पुलिस पर हमला करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। तोगड़िया ने बुलडोजर को शांति का प्रतीक बताया और कहा कि प्रत्येक हिंदू दंपती को कम से कम तीन बच्चे जरूर पैदा करने होंगे। मंगलवार को आंवला पहुंचे प्रवीण तोगड़िया ने बिसौली रोड स्थित एक बरातघर में आयोजित हिंदू समरसता सभा को संबोधित किया।
तोगड़िया ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं के साथ अत्याचार हो रहा है। रक्षामंत्री के इशारे की देर है, जिससे बांग्लादेश का नामोनिशान मिट जाएगा। इसलिए समय रहते बांग्लादेश अपने यहां के हालात सुधार ले। उन्होंने कहा कि हो सकता है कि हम चुनाव में जाति पंथ के कारण किसी का समर्थन करते हों, लेकिन चुनाव खत्म होने के बाद हम सब को हिंदू बनकर रहना होगा। कहा कि विश्व के जिन कट्टरपंथी देशों में हिंदू अल्पसंख्यक हैं। वहां का बहुसंख्यक समाज उन पर अत्याचार कर रहा है।
ये रहे मौजूद
राष्ट्रीय बजरंग दल अध्यक्ष मनोज सिंह ने भी लोगों को संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन डाॅ. विजय वर्मा ने किया। इस मौके पर सुनील गुप्ता, सोखी अग्रवाल, अनुपम शंखधार, विजय गुप्ता, सपना अग्रवाल, जूही वर्मा आदि मौजूद रहे। संवाद
सनातन को बचाने का किया आह्वान
भोजीपुरा। भोजीपुरा स्थित दिव्यानंद आश्रम के मैदान में आयोजित हिंदू सम्मेलन में प्रवीण तोगड़िया ने महाकुंभ मेले में हिंदुओं को आमंत्रित किया और कहा कि वहां सारी व्यवस्थाएं मिलेंगी। सनातन को बचाने व हिंदुओं को जगाने के विषय पर चर्चा होगी। कार्यक्रम में ब्लाॅक प्रमुख भोजीपुरा योगेश पटेल और बजरंग दल के जिला उपाध्यक्ष विवेक गंगवार ने एकजुट रहने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर राहुल गंगवार, प्रधान संंघ भोजीपुरा के अध्यक्ष कुलवंत सिंह, राम निवास गंगवार, दुष्यंत गंगवार आदि मौजूद रहे। संवाद