खाद्य विभाग और प्रशासन ने सरकारी चावल गोदामों तक नहीं पहुंचाने की आरोपी खुशबू राइस मिल पर ताला लगाकर कुर्क कर दिया। जबकि आरएफसी के मुताबिक दो अन्य मिलों पर भी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई है।
बहेड़ी तहसील के जोखनपुर में स्थित खुशबू राइस मिल ने पिछले वर्ष सरकारी धान की कुटाई कर चावल तैयार किया था। लेकिन मिलर्स ने यह चावल एफसीआई गोदाम पर नहीं पहुंचाया। मिलर्स पर अभी 12.65 लाख रुपये कीमत का चावल बकाया है। आरएफसी कार्यालय ने कई बार चेतावनी पत्र भी जारी किये, लेकिन मिलर्स ने उसे अनसुना कर दिया, इस पर खाद्य विभाग ने कुर्की प्रक्रिया शुरू करायी। बुधवार को खुशबू राइस मिल पर बहेड़ी राजस्व स्टाफ ने ताला लगाकर कुर्क कर दिया।
आरएफसी दिग्विजय सिंह ने बताया कि एसआर इंडस्ट्रीज रिछा पर 3.95 और एनके मिल राजपुर कलां पर 13.07 लाख रुपये का चावल बकाया है। दोनों ने अभी तक बकाया सरकारी चावल जमा नहीं कराया है। इसलिए दोनों मिलों के खिलाफ आरसी जारी की जा चुकी है। आरएफसी ने बताया कि दोनों की कुर्की दो दिन में हो जाएगी। राइस मिलों से सरकारी चावल वसूली में लापरवाही बरतने वाले बहेड़ी एसएमआई दिग्विजय सिंह पर भी कार्रवाई हो रही है। आरएफसी कार्यालय इस मामले में पहले से ही आरोप पत्र जारी कर चुका है।