बरेली। क्षेत्र में दुनका से लेकर मीरगंज और सिरौली में सबसे अधिक बिजली कटौती की समस्या रही। मीरगंज के हुरहरी में 15 दिन से बिजली न आने पर बिजली उपकेंद्र पर लोगों ने हंगामा किया है। इसके बाद लोगों ने सांसद से शिकायत की है, जबकि सिरौली में लगातार ट्रिपिंग जारी रही। इससे परेशान व्यापारियों ने नाराजगी जताई है। संवाद
दुनका में 11 हजार केवी का तार टूटा
दुनका। जाफरपुर विद्युत उपकेंद्र से जुड़े दुनका से सटे बसई गांव में तड़के चार बजे 11 हजार केवीए का तार टूटकर गिर गया। इससे दर्जनों गांवों की बिजली गुल हो गई। रिछा विद्युत केंद्र से शेरगढ़ होते हुए जाफरपुर विद्युत उपकेंद्र पर आपूर्ति आती है। दुनका के भरत शर्मा, तेज बहादुर गंगवार, मेवाराम गुप्ता, प्रेमनारायण राठौर ने कहा कि बिजली लाइनें जर्जर हैं। यहां तार टूटना आम बात है। वह लोग जुन्हाई विद्युत केंद्र से बिजली आपूर्ति की मांग कर रहे हैं। खंभे लाकर डाल दिए गए हैं, लेकिन तार लगाए नहीं गए हैं। जेई संतोष शर्मा ने कहा कि तारों को जोड़ने का काम चल रहा है। संवाद
ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
मीरगंज। गांव हुरहुरी में 15 दिन से बिजली आपूर्ति ठप है। ग्रामीणों ने सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार व अधिशासी अभियंता मीरगंज से लिखित शिकायत की है। आरोप है कि गांव के बाहर जंपर खराब है। इस वजह से पूरा गांव में आपूर्ति ठप है। सोमवार को ग्रामीणों ने बिजली उपकेंद्र पर पहुंचकर प्रदर्शन कर हंगामा किया। अधिशासी अभियंता से बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की। इस मामले में शिकायत मिलने पर सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार ने आश्वासन दिया है। संवाद
ट्रांसफार्मर ओवरलोड से ट्रिपिंग, व्यापारियों में गुस्सा
सिरौली। कस्बे में अस्पताल के पास 400 केवीए का ट्रांसफार्मर दो माह से ओवरलोड में चल रहा है। इससे जुड़े काॅलेज, मार्केट, मुख्य मार्केट, साहूकारा मार्केट में महीनों से बिजली आपूर्ति व्यवस्था खराब है। वहीं, कारोबार पर भी असर पड़ रहा है। 400 केवीए की जगह 650 केवीए का ट्रांसफार्मर लगवाने की मांग की गई है। व्यापारियों ने कहा कि ओवरलोड से ट्रिपिंग जारी है। संवाद