इन इलाकों में भी बिजली की समस्या
दुर्गानगर उपकेंद्र से पोषित सैनिक कॉलोनी में पूरी रात लोकल फॉल्ट के चलते बिजली आपूर्ति बाधित रही। इससे 200 घरों में बत्ती गुल रही। सुबह 10:30 बजे आपूर्ति बहाल हुई। हरूनगला की सनराइज कॉलोनी में दिनभर लोग ट्रिपिंग से परेशान रहे। डीडीपुरम उपकेंद्र के कृष्णकुंति कॉलोनी में एक खंभे में आग लग गई, जिसे अग्निशमन विभाग की फायर बुलेट द्वारा पानी डालकर बुझाया गया।
अधीक्षण अभियंता धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि शहर में जिन जगहों पर समस्या है, उसको ठीक कराया जा रहा है। शास्त्रीनगर में एसडीओ अपनी टीम के साथ फॉल्ट को ठीक करा रहे हैं।
तपिश के बाद बादल और ठंडी हवा ने दी राहत
दो सप्ताह से भीषण गर्मी झेल रहे लोगों को शनिवार शाम हल्की राहत मिली। दिनभर 41 डिग्री सेल्सियस तापमान और झुलसा देने वाली धूप के बाद शाम करीब चार बजे मौसम ने अचानक करवट ली। घने काले बादल छाने के साथ ठंडी हवा चलने लगी। शहर के कई हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई।
सुबह से ही तेज धूप और उमस ने लोगों का घरों से निकलना मुश्किल कर दिया था। दोपहर में सड़कों और बाजारों में सन्नाटा सा दिखा। जरूरी काम होने पर ही लोग बाहर निकले। कूलर और पंखे भी बेअसर रहे। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को अधिकतम तापमान 40.9 और न्यूनतम 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, शाम होते-होते तेज हवा के साथ बादलों ने राहत दी। कई इलाकों में हल्की फुहारें पड़ीं।
मौसम विशेषज्ञ अतुल कुमार ने बताया कि पश्चिमी हवा और स्थानीय मौसमी गतिविधियों के कारण यह बदलाव हुआ है। अगले कुछ दिनों तक बादल छाने, तेज हवा चलने और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान है। हालांकि, उमस पूरी तरह खत्म होने की संभावना नहीं है।