बरेली। पुराना शहर के कई इलाकों में शुक्रवार को बिना पूर्व सूचना के छह घंटे तक कटौती की गई। शाहदाना उपकेंद्र के कुछ इलाकों में मरम्मत के काम होने थे, लेकिन यहां उपकेंद्र पर बिना पूर्व सूचना के शटडाउन लिया गया। उपकेंद्र से जुड़े साहू गोपीनाथ इंटर कॉलेज, मठ की चौकी, बांस मंडी, गंगापुर आदि इलाकों में चार घंटे कटौती की सूचना थी, लेकिन यहां छह से सात घंटे तक बिजली गुल रही।
कुतुबखाना और कोहाड़ापीर उपकेंद्रों के इलाकों में भी पहले से बिना सूचना आरडीडीएस योजना के तहत लाइनें बदलने का काम किया गया। किला उपकेंद्र के कटघर, गुलाबनगर, खान मार्केट, हाटमैन, कुदेशिया फाटक, मिर्ची टोला में सुबह 10 से दोपहर तीन बजे तक कटौती की सूचना थी, लेकिन कई इलाकों में शाम छह बजे तक आपूर्ति ठप रही। मिर्चीटोला निवासी प्रणव गुप्ता ने बताया कि उपकेंद्र के शिकायती नंबर पर कॉल रिसीव नहीं की गई। पुराना शहर के सेटेलाइट फीडर, बालजती स्कूल, नवादा शेखान, बशीरी मस्जिद इलाकों में बंच केबल डालने के दिनभर आपूर्ति ठप रही। एसडीई शाहदाना अभिषेक कुमार ने बताया कि मरम्मत कार्य और लाइनों के बदलने का काम के बीच उपकेंद्र पर शटडाउन लेना पड़ा।
इधर, सुभाषनगर उपकेंद्र के इलाकों में कटौती संबंधी पहले से कोई सूचना नहीं थी, लेकिन यहां भी सर्वोदय नगर, राजीव कॉलोनी, बीडीए कॉलोनी इलाकों में चार से पांच घंटे तक कटौती की गई। संवाद