बहेड़ी। नगर में 27 जून से बिजली कटौती की समस्या बनी हुई है। शनिवार रात 10 एमबीए का नया ट्रांसफार्मर लगने के बाद भी आपूर्ति बाधित हुई। इससे लोगों को गर्मी-उमस झेलनी पड़ी।
27 जून को ट्रांसफार्मर खराब होने से आपूर्ति ठप हुई। बिजली निगम ने तब एक ट्रांसफार्मर से दो-दो घंटे पांचों फीडरों को आपूर्ति का निर्णय लिया। शनिवार रात 1:00 बजे इंजीनियरों ने नया ट्रांसफार्मर चालू किया। परीक्षण सफल रहा लेकिन 2:00 बजे नैनीताल रोड पर गुडवारा के पास एक ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर 33 हजार की लाइन के खंभे से हो गई। इससे आपूर्ति फिर ठप हो गई। रविवार सुबह 11:00 बजे आपूर्ति बहाल हुई लेकिन बार-बार कटौती से परेशानी हुई।
बिजली निगम के अधिशासी अभियंता चमन प्रकाश ने बताया कि ओवरलोड की समस्या है। इसे कम करने के लिए कुछ फैसले किए जाएंगे। आपूर्ति व्यवस्थित होने के बाद नगर में घर-घर बिजली चेकिंग अभियान चलेगा। बिजली चोरी करने वालों की सूचना देने वालों का नाम गोपनीय रखा जाएगा।