बरेली। तीन दिन बाद शारदीय नवरात्र शुरू होगा। अभी तक प्रमुख देवी मंदिरों के मार्ग खस्ताहाल हैं। शासन के आदेश के बाद भी सड़कें नहीं बनीं। कहीं गड्ढे हैं, कहीं सड़क उखड़ी पड़ी है। बजरी फैली हुई है। लोग गिरकर जख्मी हो रहे हैं। देवी मंदिरों के साथ ही शारदीय नवरात्र में अन्य मंदिरों में भी श्रद्धालुओं का आवागमन बढ़ जाता है। उम्मीद थी कि नवरात्र से पहले मंदिरों के मार्ग चमक जाएंगे, लेकिन यहां शासन का आदेश ही हिचकोले खा रहा है। आदेश को तीन दिन बीत चुके हैं, अभी तक कहीं काम शुरू भी नहीं हुआ है।
बदायूं रोड की जिम्मेदारी बीडीए के पास है। चौरासी घंटा मंदिर इसी मार्ग पर है। नवरात्र में सर्वाधिक श्रद्धालु इसी मंदिर पर पहुंचते हैं। मंदिर के सामने सड़क खस्ताहाल है। श्रद्धालुओं के पांव में कंकड़-पत्थर चुभेंगे।
पुराने शहर के साहूकारा मोहल्ले में नव दुर्गा मंदिर है। मंदिर तक आने-जाने का मार्ग गड्ढों से भरा है। श्रद्धालुओं ने बताया कि नवरात्र से पहले इसे ठीक कराए जाने के आसार नहीं दिख रहे हैं।
रोहली टोला के दुर्गा मंदिर का रास्ता 15 दिन पहले नगर निगम ने खोदवा दिया है। नाली का निर्माण कराया जा रहा है। नवरात्र में श्रद्धालुओं को मुसीबत झेलनी पड़ेगी, क्योंकि तीन दिन में सड़क बनने की स्थिति नहीं है।
नेकपुर में शीतला माता का प्रसिद्ध मंदिर है। चौपुला पुल के नीचे एक ओर मार्ग ठीक है। दूसरी ओर सड़क इतनी खराब है कि पैदल चलना भी दुश्वार है। अगर बारिश हो जाए तो दिक्कत और भी बढ़ जाती है।
त्रिवटीनाथ मंदिर के मार्ग पर मैनहोल के ढक्कन धंस गए हैं। एक तरफ सड़क किनारे पानी भरा है। कुछ हिस्सों में सड़क भी खराब है। पशुपतिनाथ मंदिर की सड़क ठीक है, पर जलभराव की समस्या है। वाहन गुजरता है तो श्रद्धालुओं पर छींटे पड़ते हैं। -
सड़क पर डाल दिया मलबा
नवरात्र करीब है, पर नाली निर्माण के नाम पर मंदिर का मार्ग खोद दिया गया। उखड़ी सड़क का मलबा सड़क पर डाल दिया है। पैदल गुजरना भी मुश्किल हो गया है। - लीला देवी, रोहली टोला
प्रमुख देवी मंदिरों के मार्गों की हालत खराब है। अगर अधिकारी समय रहते चेत गए होते तो यह हाल न होता। मनमानी इतनी है कि कोई सुनने वाला नहीं है। - रामेंद्र गुप्ता, संरक्षक माहौर वैश्य सभा
चौरासी घंटा मार्ग को मंदिर के सामने की सड़क को सोमवार को ठीक करा देंगे, लेकिन पूरी सड़क पर फाइनल कोट बारिश के बाद कराएंगे। सड़क गड्ढामुक्त होगी और आवागमन में किसी को दिक्कत नहीं आएगी। - योगेंद्र कुमार, सचिव, बीडीए
मंदिरों के मार्गों को चिह्नित कर लिया गया है। एई और जेई को मार्गों को ठीक कराने के आदेश दिए गए हैं। - मनीष अवस्थी, मुख्य अभियंता, नगर निगम