जिले में एक बार फिर से कच्चे तेल की संभावनाओं की अटकलें लगनी शुरू हो गई हैं। इसके लिए अल्फाजियो (इंडिया) कंपनी के अधिकारी कई दिनों से जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में सर्वे करने के उद्देश्य से डेरा डाले हुए हैं। अधिकारी विभिन्न स्थानों पर वैज्ञानिक तरीकों के जरिए बोरिंग की मदद से कच्चे तेल की खोज कर रहे हैं। इसके लिए गहराई से पानी निकालकर नमूना लिया जा रहा है। अधिकारियों ने जगह-जगह बोरिंग कराई है। बुधवार को अधिकारी उघैती के गांव टिटोली पहुंचे। यहां पूर्व में भी कच्चे तेल के संकेत मिले थे। जिसके चलते यहां करीब 500 फीट से अधिक गहराई का बोरिंग कराया गया।
बताया जा रहा है कि इस क्षेत्र में कुछ स्थानों पर निकाले गए पानी में कच्चे तेल के अंश मिले हैं। जिसके चलते तेजी से कार्य कराया जा रहा है। अधिकारियों को जिन स्थानों पर तेल के संकेत मिले हैं। वहां की मिट्टी के भी नमूने लिए हैं। अधिकारी जीपीएस सैटेलाइट सिस्टम के साथ सर्वे कर रहे हैं। कंपनी के अधिकारी बोरिंग करने के बाद मशीन से जमीन के अंदर ब्लास्ट भी कर रहे हैं। इस गतिविधि से तेल भंडार होने के बारे में पता चल चलता है। वहां मौजूद कंपनी के अधिकारी ने बताया कि कच्चे तेल की तलाश में परीक्षण कार्य जारी है। कुछ स्थानों पर वैज्ञानिक विधि के जरिए तेल होने के संकेत मिले हैं।