बरेली। बरेली में पिछले दस साल में हिंदुओं के मुकाबले मुस्लिमों की आबादी तेजी से बढ़ी है। आबादी बढ़ाने में गांव के कम शिक्षित मुस्लिम परिवारों सापेक्ष शहरों के ज्यादा शिक्षित मुस्लिम परिवार आगे हैं। महानगर को छोड़कर कुछ नगरपालिका, नगर पंचायतों में मुसलमानों की आबादी हिंदुओं से ज्यादा हो चुकी है। अब तक चुनावों के दौरान राजनीतिक पंडित हिंदुओं की आबादी 65 फीसदी और मुस्लिमों की 35 फीसदी मानकर चुनावी समीकरण बनाते हैं। मुस्लिमों की आबादी बढ़ने के बाद चुनावी समीकरण भी बदलने के आसार हैं।
केंद्र सरकार के धर्म आधारित जनगणना के अनुसार शहरों में हिंदुओं की तुलना में मुसलमानों की आबादी तेजी से बढ़ रही है। नई जनगणना के मुताबिक बरेली की कुल आबादी 44 लाख 48 हजार 359 है। इनमें हिंदू 28 लाख 30 हजार 768 और 15 लाख 36 हजार 534 मुस्लिम हैं। कुल आबादी का हिंदू 63.54 फीसदी और मुस्लिम 34.54 फीसदी हैं। बरेली शहर में दोनों की संयुक्त आबादी 15 लाख 68 हजार 409 है। इनमें हिंदू 50.45 फीसदी और मुस्लिम 47.2 फीसदी है। शहर और कस्बों की तुलना में जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में मुस्लिम आबादी में कम बढ़ोत्तरी हुई है। ग्रामीण क्षेत्रों में हिंदुओं और मुसलमानों की संयुक्त आबादी 28 लाख 79 हजार 950 है। इनमें हिंदू 70.87 प्रतिशत और मुस्लिम 27.64 फीसदी हैं।