बरेली। भीषण गर्मी से लोगों के साथ-साथ पशु, पक्षी और जानवराें का भी जीना मुहाल हो गया है। लाखों रुपये खर्च करने के बाद भी जिले में बने तालाब, पोखरे अभी सूख चुके हैं। ऐसी भीषण गर्मी में पशु-पक्षी, जानवर पानी की एक-एक बूंद के लिए तरस रहे हैं। जिले में सप्ताहभर से पड़ रही तेज धूप और गर्म हवाओं के थपेड़ों से तपिश भरा मौसम बेजुबान पशु-पक्षियों के लिए भारी पड़ता जा रहा है।
गांव में सरकारी योजनाओं के तहत लाखों रुपये खर्च कर तालाब, पोखर आदि को खुदवाया गया था, ताकि जानवरों को गर्मी में पानी नसीब हो सके, लेकिन किसी भी तालाब, पोखर में एक भी बूंद पानी नहीं है। मौसम की तपिश ने पशु-पक्षियों व जानवरों के हलक सूखा दिए हैं। प्रकृति भरोसे जीवन बसर करने वाले इन पशु-पक्षियों व जानवरों को बढ़ती गर्मी भारी पड़ रही है। विभागीय अधिकारियों ने इन तालाबों को भरवाने की दशा में कोई कदम नहीं उठाया है। रुहेलखंड नहर सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता एनके सिंह ने बताया कि विभाग के जो भी तालाब है, उनको भरने के निर्देश दिए हैं। जल्द ही सभी तालाबों में पानी भरवा दिया जाएगा। संवाद