बरेली। दीपावली पर पटाखे जलाने की शुरुआत होते ही सामान्य स्तर पर दर्ज हो रहा वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) बढ़ने लगा। दिवाली की पूर्व संध्या पर बुधवार को आवासीय क्षेत्र राजेंद्र नगर का एक्यूआई सौ के पार 115 पहुंचकर यलो श्रेणी में दर्ज हो गया।
सर्दियों के बाद यानी अप्रैल से ही शहर की हवा साफ रही। करीब छह माह तक एक्यूआई 60 से 80 के बीच यानी ग्रीन श्रेणी में ही रहा। मंगलवार को भी एक्यूआई सामान्य दर्ज हुआ, पर बुधवार को पटाखों के जलने की शुरुआत होते ही शाम सात बजे एक्यूआई 90 दर्ज हुआ।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार राजेंद्र नगर में एक्यूआई 115 और सिविल लाइंस का 64 रहा। वहीं, दिवाली पर पटाखों की गूंज बढ़ने के साथ हवा में भी प्रदूषण का स्तर बढ़ने का अनुमान है। लिहाजा, क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से प्रमुख स्थानों पर डेटा जुटाया जाएगा। अमर उजाला ब्यूरो