बरेली। नगर निगम कार्यकारिणी के चुनाव में समाजवादी पार्टी ने अपने सभी प्रत्याशी जिताकर विजयी ‘चौका’ लगाया है। वहीं तीन प्रत्याशियों को जिताने लायक वोट रखने के बावजूद भाजपा अंदरूनी गुटबाजी की ‘गुगली’ में फंसकर क्लीन बोल्ड हो गई और महज एक सीट जीत सकी। भाजपा के बागी प्रत्याशी विपुल लाला ने पार्टी की अधिकृत प्रत्याशी मंजू देवी को द्वितीय वरीयता के वोटों में बड़े अंतर से मात दी।
नगर निगम सभागार में मेयर डॉ. आईएस तोमर की अध्यक्षता में मंगलवार अपराह्न 2.30 बजे कार्यकारिणी चुनाव की प्रक्रिया प्रारंभ हुई। 2.30 से 2.45 बजे तक सपा से छह और भाजपा से दो नामांकन दाखिल हुए। भाजपा के बागी विपुल लाला ने निर्दलीय नामांकन कराया। मुख्तार खां समेत दो प्रत्याशियों ने नामांकन वापस ले लिए। सात नामांकन जांच में सही पाए गए। 3.30 से पांच बजे तक वोट डाले गए। 74 में 72 वोट पड़े। केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार शहर विधायक डॉ. अरुण कुमार और कैंट विधायक राजेश अग्रवाल ने पदेन सदस्य के रूप में वोट डाला। 71 वोटों की प्रथम वरीयता के मतों की गिनती में भाजपा से कपिलकांत, सपा से रूबी सलीम, गौरव सक्सेना, महेंद्र कनौजिया और आरिफ कुरैशी चुनाव जीत गए। द्वितीय वरीयता के मतों की गिनती में भाजपा के बागी प्रत्याशी विपुल लाला ने अपनी ही पार्टी की मंजू देवी को बड़े अंतर से हराया।
किस प्रत्याशी को कितने वोट मिले (प्रथम वरीयता के वोटों की गिनती)
प्रत्याशी का नाम वोटों की जरूरत वोट मिले पार्टी
कपिलकांत 11 12 भाजपा
रूबी सलीम 11 12 सपा
गौरव सक्सेना 11 11 सपा
महेंद्र कनौजिया 11 12 सपा
आरिफ कुरैशी 11 11 सपा
द्वितीय वरीयता के वोटों की गिनती में
विपुल लाला 11 11.40 बागी भाजपा