बहेड़ी। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष के पति नसीम अहमद का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह एक युवक के साथ गाली गलौज कर रहे हैं। दोनों के बीच सड़क निर्माण को लेकर विवाद के बाद गालीगलौज हुआ है। चेयरमैन के पति नसीम अहमद ने इसे चुनाव से पहले छवि खराब करने की साजिश बताया है।
दरअसल बहेड़ी नगर पालिका अध्यक्ष फ़ौजुल नसीम के पति नसीम अहमद से कस्बे के एक वार्ड में रहने वाले युवक ने फोन करके सड़क का निर्माण रुकवाने के लिए कहा। चेयरमैन के पति ने युवक को गालियां देते हुए कहा कि तुम लोग हो खुराफाती। जब वह आए थे तब कहा चले गए थे। उस वक्त ऐसी कोई बात सामने नहीं आई। अब मैं रामपुर आ गया तो बता रहे हो। इस पर युवक कहता है कि आप सड़क का निर्माण आगे शुरू कराओ ताकि पीछे वाले भी अपनी जगह सड़क के लिए छोड़ दें यदि पीछे से सड़क का निर्माण किया तो लोग होने नही देंगे। झगड़ा हो सकता है।
इस पर चेयरमैन पति कहते है तुम आए दिन कोई न कोई काम बताते रहते हो। तुम्हारे यहां ट्रांसफार्मर लगवा दिया, फिर युवक कहता कि लाइट तो आ नहीं रही है तो चेयरमैन पति कहते है कि लाइट की जिम्मेदारी मेरी नहीं है। युवक कहता है कि आप सिर्फ जुमलेबाजी करते हो काम कुछ भी नहीं। इस पर नसीम अहमद कहते है कि तुम कोई दूसरा नेता ले आओ और फोन कट जाता है।
इस मामले में चेयरमैन के पति नसीम अहमद ने बताया कि चुनाव करीब है, अन्य प्रत्याशी समझ चुके है कि वो इस लड़ाई से बाहर हो चुके हैं। एक प्रत्याशी का रिश्तेदार है जो उनकी छवि खराब करना चाहते है। पहले भी इन लोगों ने उनकी छवि खराब करने की कोशिश की थी। कुछ लोग चुनाव से पहले नगर की फिजा खराब करने की कोशिश में जुटे हैं लेकिन उनके मंसूबे कामयाब नहीं होने देंगे।