नवाबगंज चेयरमैन के खिलाफ पिछड़ी जाति के प्रमाणपत्र के फर्जी होने की हुई है आयोग में शिकायत
बरेली। नवाबगंज नगर पालिका की चेयरमैन शहला ताहिर का पिछड़ी जाति का प्रमाणपत्र के फर्जी है या नहीं.. ये अब तक साबित नहीं हो सका है। एडीएम सिटी महेंद्र कुमार सिंह ने इसके लिए करीब दो हफ्ते पहले डीएम आगरा को चिट्ठी लिखकर शहला के पिता की वास्तविक जाति के बारे में रिपोर्ट देने का आग्रह किया था। हालांकि प्रशासन के पास अब तक इसकी आख्या नहीं मिल सकी है। डीएम आगरा की रिपोर्ट पर ही तय हो जाएगा कि शहला चेयरमैन की कुर्सी पर रहेंगी या नहीं।
एडीएम महेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि डीएम आगरा को चिट्ठी भेजी तो गई थी, लेकिन उसका जवाब नहीं आया है। इस संबंध में जल्द रिमाइंडर भी भेजा जाएगा। भाजपा नेता नीरेंद्र राठौर ने पिछले दिनों पिछड़ा वर्ग आयोग और शासन में शिकायत की थी कि नगर पालिका नवाबगंज चेयरमैन शहला ताहिर फर्जी जाति प्रणाम पत्र लगाकर आरक्षित सीट पर चुनाव लड़कर जीती हैं। शिकायत में कहा गया है कि मुस्लिम उच्च जाति के सैयद परिवार में जन्मी शहला ने प्रमाणपत्र बनवाने में हेराफेरी की है। शिकायत पर राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग ने अपर मुख्य सचिव नियुक्ति और कार्मिक को पत्र लिखकर मामले की जांच कराने के निर्देश दिए थे।