बरेली। अयोध्या मामले में निर्णय आने से पूर्व उसको लेकर एक छात्र संगठन के कार्यकर्ता की टिप्पणी से बरेली कॉलेज में सतर्कता बढ़ गई है। बताया जाता है कि टिप्पणी को लेकर हुई कहासुनी के बाद दूसरे संगठन के कार्यकर्ता भी बृहस्पतिवार को बरेली कॉलेज पहुंचे तो प्रॉक्टोरियल बोर्ड सक्रिय हो गया। वहीं, एलआईयू और पुलिस ने भी बरेली कॉलेज में निगरानी बढ़ा दी है।
अयोध्या मामले का निर्णय आने को लेकर हर ओर सतर्कता बरती जा रही है। हिदायत दी जा रही है कि कोई भी ऐसी टिप्पणी न की जाए, जिससे शांतिभंग का खतरा पैदा हो। बताया जाता है कि बुधवार को बरेली कॉलेज में एक संगठन से जुड़े छात्र ने अयोध्या को लेकर टिप्पणी की दूसरे संगठन के छात्र ने विरोध किया। इस पर दोनों में कहासुनी हुई लेकिन मामला रफा-दफा हो गया। बृहस्पतिवार को विरोध करने वाले छात्र के संगठन से जुड़े कुछ छात्रनेता बरेली कॉलेज पहुंचे तो टकराव की आशंका देख प्रॉक्टोरियल बोर्ड अलर्ट हो गया। हालांकि न कोई टकराव हुआ और न ही कोई विवाद हुआ। इस मुद्दे पर बहस करने वाले छात्र भी गायब रहे। वहीं, चर्चा है कि इस बहस के बाद बरेली कॉलेज में एलआईयू और पुलिस की सक्रियता बढ़ गई है। बृहस्पतिवार को भी पुलिस और एलआईयू वाले कॉलेज में घूमते देखे गए।
अयोध्या मुद्दे पर एक छात्र के कमेंट करने की सूचना मिली थी लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी है। इन दिनों कॉलेज में एलआईयू और पुलिस की सक्रियता भी कुछ बढ़ी है। - डॉ. वंदना शर्मा, चीफ प्रॉक्टर, बरेली कॉलेज