संतोष का पलटवर:
केंद्रीय मंत्री ने खंगलवाया अपने गांव-घर के वोटों का रिकार्ड
लो मंत्री जी! हमारे बूथ के वोट गिन लो और अपने भी फिर से गिन लो
अपने चहेतों के बीच पूर्व वित्तमंत्री ने किया प्रहार तो संतोष ने मीडिया को दिया खुला जवाब
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। पूर्व वित्त मंत्री राजेश अग्रवाल के इलाके में लोकसभा चुनाव के दौरान केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार को कितने वोट मिले, इस मुद्दे पर दोनों के बीच तनातनी लगातार बढ़ती जा रही है। कालीबाड़ी के बजाय अपने पैतृक गांव टियूलिया में वोटों की गिनती कराने की राजेश अग्रवाल की ओर से दी गई चुनौती पर संतोष गंगवार ने मंगलवार को टियूलिया के साथ शहर में ही अपने पुराने निवास के इलाके में मिले वोटों का रिकॉर्ड की छानबीन कराने के बाद ये आंकड़े मीडिया को जारी किए हैं। इसी के साथ उन्होंने कहा है कि जो लोग गिनती नहीं जानते, वे ये आंकड़े अच्छी तरह देख लें और फिर कालीबाड़ी में उन्हें मिले वोटों की गिनती भी एक बार फिर कर लें।
वित्तमंत्री पद से नाता टूटने के बाद लखनऊ से बरेली लौटे राजेश अग्रवाल ने फुर्सत के माहौल में बीते दिन अपने चहेतों के बीच लोकसभा चुनाव के परिणामों पर चर्चा की थी। इस चर्चा में मौजूद उनके खास लोगों ने खोजबीन कर उन्हें बताया कि केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार ने कालीबाड़ी में मिले वोटों पर तो सवाल उठा दिया लेकिन उन्हें उनके पैतृक टियूलिया और गुलाबनगर के साथ चौधरी मोहल्ला जहां पहले वह रहते थे, वहां मिले नाममात्र के वोटों का उन्होंने कहीं जिक्र नहीं किया। अपने शुभचिंतकों के इस विश्लेषण पर राजेश अग्रवाल ने बाकायदा मीडिया को बयान जारी कर दिया कि संतोष गंगवार पहले अपने इलाके वोट गिन लें, इसके बाद ही उनके इलाके कालीबाड़ी में झांके।
मंगलवार को केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार दिल्ली में थे लेकिन इसके बावजूद उन्होंने अपने लोगों को अपने पैतृक गांव टियूलिया के साथ गुलाबनगर और चौधरी तालाब के अपने पुराने रिहायशी इलाके में भाजपा को मिले वोटों का ब्योरा खंगालने के काम पर लगा दिया। गंगवार के कार्यालय में काम करने वाले ललित अवस्थी, रमेश जैन और अतुल शर्मा समेत कई लोग दिन भर इन आंकड़ों को जुटाते रहे। इसके साथ इन लोगों ने विधानसभा चुनाव 2017 में भी कालीबाड़ी क्षेत्र में भाजपा को मिले वोटों का रिकॉर्ड खंगाला। शाम को केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार ने टियूलिया, गुलाब और चौधरी मोहल्ला में भाजपा और प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशियों को मिले वोटों का आंकड़ा मीडिया को जारी कर दिया जो काफी चौंकाने वाला और राजेश अग्रवाल के दावे पर सवाल खड़ा करने वाला भी था। इन तीनों स्थानों पर भाजपा प्रत्याशी को मिले वोट प्रतिद्वंद्वियों से काफी ज्यादा हैं। विधानसभा चुनाव में कालीबाड़ी के चर्चित बूथ विष्णु बाल सदन बूथ नंबर 290 पर भाजपा को ज्यादा वोट मिलने का आंकड़ा सामने आया है।
संतोष के जिला निर्वाचन अधिकारी
से शिकायत करने के बाद बढ़ी रार
संतोष गंगवार और राजेश अग्रवाल के बीच यह रार दरअसल तब शुरू हुई जब कुछ दिन पहले संतोष गंगवार ने कालीबाड़ी स्थित विष्णु बाल सदन स्कूल में बने बूथ नंबर 290 पर भाजपा को सिर्फ पांच वोट मिलने पर सवाल उठाते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी को चिट्ठी लिखी थी और इसकी जांच कराने को कहा था। डीएम की ओर से इस मामले में छानबीन कराई गई तो पता चला कि दो बूथों पर भाजपा को मिले आंकड़े ऊपर-नीचे हो गए थे। जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से इस मामले में अभी आधिकारिक तौर पर संतोष गंगवार को जवाब नहीं दिया गया है लेकिन राजनीतिक हलकों में माना गया कि संतोष गंगवार ने राजेश अग्रवाल के वित्त मंत्री पद से हटाए जाने की भनक लगने के बाद यह चिट्ठी लिखी थी। इसी के बाद राजेश और संतोष के बीच यह मामला तूल पकड़ गया।