बरेली। प्राचीन बड़ा बाग हनुमान मंदिर ट्रस्ट के आठ साल से चुनाव न होने का मामला सुर्खियां बना तो हड़कंप मच गया। पहले कहा जा रहा था कि मंदिर की आय-व्यय का मामला ट्रस्ट निजी मामला है लेकिन रविवार को आनन-फानन में ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष नरेंद्र कुमार सेठी ने एलान किया कि मंदिर की संपत्ति का काफी विकास हुआ है। अब एक-दो महीने में चुनाव भी कराए जाएंगे।
प्राचीन बड़ा बाग हनुमान मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष पद पर करीब आठ साल से कैंट विधायक राजेश अग्रवाल हैं। कमेटी के लोगों का कहना था कि इस बीच न कमेटी के चुनाव हुए न कभी मंदिर के आय-व्यय का ब्योरा कभी सार्वजनिक हुआ। रविवार को अमर उजाला में खबर छपने के बाद मंदिर ट्रस्ट से जुड़े लोगों में अच्छी-खासी हलचल दिखी। लोगों को पता लगा कि कैंट विधायक राजेश अग्रवाल इस ट्रस्ट के अध्यक्ष हैं और फिर भी आठ साल से ट्रस्ट के चुनाव नहीं हुए हैं तो हैरत में आ गए। शनिवार को कमेटी के लोगों के यह कहने पर कि मंदिर में हर महीने होने वाली आय और व्यय की जानकारी उन्हें भी नहीं दी जा रही है, अमर उजाला ने ट्रस्ट के सचिव से बात की तो उन्होंने इसे निजी मामला बता दिया था, लेकिन रविवार को बाबा रामदास हनुमान मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष नरेंद्र कुमार सेठी ने बताया कि बड़ा बाग मंदिर प्राचीन है। बड़ी तादात में यहां श्रद्धालु आते हैं। उन्होंने विज्ञप्ति जारी की कि ट्रस्ट के आय-व्यय के लिए नामित सीए नियमित ऑडिट करते हैं। हर बैठक में सदस्यों को इसके बारे में अवगत कराया जाता है। उन्होंने कहा है कि अब तक ट्रस्ट के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल मंत्री परिषद में होने से उनकी व्यस्तता रही। अब एक-दो महीने में चुनाव कराए जाएंगे।
कोषाध्यक्ष नरेंद्र कुमार सेठी का कहना है कि मंदिर की संपत्ति काफी बढ़ चुकी है। मंदिर से सटे हुए तीन प्लाट खरीदे गए हैं। मंदिर के सामने 400 गज का एक मकान भी खरीदा गया है, इसमें जल्दी ही निर्माण भी होगा। शिवालय और राम दरबार का निर्माण भी कराया गया है। परिसर में ही औषधालय भी संचालित हो रहा है। यह सब अध्यक्ष राजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में ही हुआ।