बरेली। बरेली के दोनों मंत्रियों के इस्तीफे के बाद हेड पोस्टऑफिस के सामने आलीशान इमारत और रामपुर बाग में 700 वर्ग गज में बनी कोठी की रजिस्ट्री का मामला बुधवार को दिन भर चर्चा का विषय बना रहा। कहा गया कि एक कद्दावर नेताजी के परिवार के सदस्य ने महीने भर पहले ही रामपुर बाग में करीब पांच करोड़ रुपये की कोठी खरीदी है। इस खरीद-फरोख्त में हुआ लेनदेन पर भी शक जताया जा रहा है।
हेड पोस्ट ऑफिस के सामने पुरानी कोठी ढहाकर एक आलीशान इमारत बनाई गई जिसके निर्माण में दो साल से ज्यादा समय लगा। इसमें आने वाला खर्च कहां से आया, इसका कुछ पता नहीं। बीडीए का अमला भी यहां तक नहीं पहुंचा। अब मंत्रियों के इस्तीफा देने के एक दिन बाद ही रामपुर बाग में करीब पांच करोड़ रुपये कीमत की कोठी चुपचाप खरीदे जाने का मामला चर्चा में आया है। कोठी के आसपास रहने वालों ने बताया कि करीब महीने भर पहले इसकी रजिस्ट्री हुई है। बताया जा रहा है कि 700 गज की इस कोठी का सौदा 80 हजार रुपये प्रति वर्ग की दर से हुआ है।