बरेली। नवाबगंज की चेयरमैन शहला ताहिर की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। एक करोड़ रुपये की हेराफेरी की जांच में पहले से फंसी शहला पर अब कई सभासदों ने अपने एक गुर्गे की मदद से उनके फर्जी दस्तखत कराकर लाखों रुपये के प्रस्ताव पारित कर वित्तीय गड़बड़ी करने का आरोप लगाया है। भाजपा जिलाध्यक्ष रविंद्र सिंह राठौर के भाई नीरेंद्र सिंह यादव ने आरटीआई के तहत मांगी गई एक सूचना में इस घोटाले का खुलासा होने का दावा करते हुए मंगलवार को 14 सभासदों के साथ कमिश्नर रणवीर प्रसाद को पूरा मामला बताया। कमिश्नर ने डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह को आरोपों की जांच का आदेश दिया है।
नवाबगंज के सभासदों ने कमिश्नर को बताया कि नगर पालिका की पहली बैठक 13 मार्च 2018 को बुलाई गई थी। इसी बीच शहला ने अपने घर पर गुपचुप ढंग से एक निजी कर्मचारी की मदद से सभासदों के फर्जी दस्तखत से लाखों रुपये के प्रस्ताव तैयार करा लिए। बोर्ड की बैठक में उनके सिर्फ उपस्थित पंजिका पर दस्तखत कराए गए। सभासदों ने कमिश्नर को प्रस्ताव की फोटोकॉपी भी दिखाते हुए अपने दस्तखत फर्जी होने का दावा किया और अवैध रूप से पारित किए गए सभी प्रस्तावों को निरस्त कराने की गुजारिश की।
सभासदों ने शहला पर कई और गंभीर आरोप लगाते हुए कमिश्नर को शपथ पत्र भी दिया है। मांग की कि सभी पुराने प्रस्ताव निरस्त कराकर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में नए सिरे से प्रस्ताव पास कराए जाएं। शिकायत करने वाले सभासदों में राजू गंगवार, सीमा देवी, मरियम निशा, यासमीन, रेहाना, उमेश गुप्ता, वीरेंद्र पाल गुप्ता, नवी अहमद, जलील अहमद, सोबू राठौर, अकील अहमद, तारीक, पुष्पादेवी गंगवार और नवनीत कुमार मौजूद रहे। बता दें कि शहला पर 47 लाख और 51 लाख रुपये की सरकारी रकम के घपले से संबंधित दो जांचें पहले से चल रही हैं।
ईओ की जगह सफाई कर्मी के दस्तखत करा लिए
सभासदों के शपथपत्र में शहला पर गंभीर आरोप
-चेयरमैन ने फर्जी ढंग से 13 लोगों की नियुक्ति भी कर ली है। बोर्ड के सदस्यों की इसकी कोई जानकारी नहीं है।
-बोर्ड की बैठक में अधिशासी अधिकारी की जगह एक सफाई कर्मचारी से हस्ताक्षर कराए गए हैं।
-शहला ने सभी प्रस्ताव अपने घर में गुपचुत तरीके से बनवाए हैं।
-स्ट्रीट लाइट, हैंडपंप, शौचालय सहित कई कामों के नाम निकाली गई रकम में गोलमाल हुआ है।
-अंगद देव कोहली के भट्ठे के सामने रोड निर्माण में हुए घपले हुआ है।
सभासदों ने नवाबगंज की चेयरमैन शहला ताहिर पर तमाम आरोप लगाए हैं। इससे संबंधित साक्ष्य भी दिए हैं। मैंने इसकी जांच के आदेश डीएम को दे दिए हैं। -रणवीर प्रसाद, कमिश्नर