फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

‘रामपुर में आजम को फंसाने और शाहजहांपुर में अपनों को बचाने में लगी है सरकार’

विज्ञापन
विज्ञापन
पीलीभीत। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार बदले की भावना से काम कर रही है। रामपुर में द्वेष भावना से आजम खां के खिलाफ एक के बाद एक 80 से ज्यादा मुकदमे दर्ज करा दिए गए हैं। उनका गुनाह सिर्फ इतना है कि उन्होंने युवाओं का भविष्य संवारने के लिए एक यूनिवर्सिटी खोल दी है। उधर, शाहजहांपुर में पूरी सरकार ‘अपनों’ को बचाने में लगी है। किसान जान दे रहा है, ये सरकार को नहीं दिखता।
विज्ञापन

अखिलेश यादव रविवार दोपहर पीलीभीत पहुंचने के बाद पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राजनेता, आम नागरिक, पुलिस कोई भी इस सरकार में सुरक्षित नहीं है। युवाओं को नौकरी देने के बजाय मोबाइल थमा दिया गया है। अब वह व्हाट्सएप और फेसबुक चला रहे हैं। असल मुद्दों पर कोई बहस नहीं। दरअसल, भाजपा के पास मुद्दों से भटकाने की कई डिग्रियां हैं। इधर-उधर की बात कर मुद्दों से भटकाया जा रहा है। सरकार अपने कार्यकाल का हिसाब क्यों नहीं देती। अर्थव्यवस्था निचले पायदान पर आ रही है। कारोबार, रियल स्टेट भी ठप है। उन्होंने इसका कारण नोटबंदी और जीएसटी को बताया। बोले, हमारी सरकार रुपया डॉलर से ऊपर ले जाने वाली थी, आज रुपया बांग्लादेश की मुद्रा टका से भी नीचे आ गया है। डीजल, पेट्रोल के दाम चुनाव से पहले कम किए और अब बढ़ा दिए। अगले माह से आम जनता को बिजली बिल का भी झटका लगेगा।
उन्होंने यूपी 100 पुलिस पर भी सरकार को घेरा। कहा, सपा ने लोगों की मदद के लिए यूपी 100 को बेहतर किया, देखिए अब वह पुलिस भी मुनाफे के कारोबार में लग गई है। भाजपा का कोई धर्म नहीं है। उसे लोकतंत्र पर भरोसा नहीं है। विपक्ष की किसी मुद्दे पर राय नहीं ली जा रही है। कोई हिसाब न मांग ले इसलिए ‘शौचालय’ में उलझा दिया है। भारत-पाक के बीच तनाव के मुद्दे पर कहा कि इसका फायदा अमरीका ले रहा है। वह दोनों देशों को हथियार बेचकर रुपये कमा रहा है। हर चीज सरकार विदेशों से खरीद रही है और बात मेक इन इंडिया की कर रही है। कानून व्यवस्था की हालत किसी से छिपी नहीं है। प्रेसवार्ता के दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी, पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव, पूर्व मंत्री हाजी रियाज अहमद, हेमराज वर्मा, निवर्तमान जिलाध्यक्ष आनंद सिंह यादव रहे।
विज्ञापन


बकरी चोरी और जिले के टाइगर रिजर्व पर भी कसा तंज
अखिलेश ने आजम खां पर दर्ज बकरी चोरी के मुकदमे पर कहा कि सरकार हमसे चाहे जितनी बकरी ले ले, दे देंगे। लेकिन पीलीभीत को नहीं देंगे। यहां पर बाघ खा जाएगा। यहां तो आदमी भी सुरक्षित नहीं है।

एमबी एक्ट पर चुटकी ली- अब साइकिल वाले ही बचे हुए हैं
देश में इस समय हर तरफ नए एमबी एक्ट का हल्ला है। इस पर अखिलेश ने कहा कि भाई साइकिल वाले इससे बचे हुए हैं। कहा इसमें दोहरी राजनीति हो रही है। गुजरात में जुर्माना कम है, यूपी में अधिक।

हंसकर बोले- गठबंधन का अनुभव मत पूछो
कांग्रेस और बसपा से गठबंधन कर चुनाव में मिली हार के बाद अखिलेश से जब गठबंधन के अनुभव पर सवाल किए तो वह हंस पड़े। कहा- बस इसी का अनुभव मत पूछो। बड़े दलों से गठबंधन से साफ इंकार किया, कहा अनुभव अच्छा नही रहा।

कांवड़ियों को लेकर की गई व्यवस्था पर भी तंज कसा
अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार में कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से फूल बरसाए गए। अधिकारी उनकी सेवा में लगे हुए थे। और जहां कांवड़ियों की जान चली गई, उनको कुछ मिला ही नहीं।

अभी हालात जान रहे, बाद में मजबूत दिखेगा विपक्ष
उन्होंने विपक्ष के निष्क्रिय होने पर कहा कि अभी वह सरकार की नाकामयाबी को बारीकी से जान रहे हैं । हर जिले में जाकर लोगों की पीड़ा सुन रहे हैं। जल्द विपक्ष मजबूती के साथ इसको उठाएगा। चुनाव की तैयारी भी शुरू कर दी गई है। जल्द जिला कमेटी की भी घोषणा हो जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें