बरेली। सुभाषनगर गन्ना मिल पर यूपी 112 के पुलिसकर्मी ने गद्दे के रुपये मांगने पर दुकानदार की पिटाई की। मामले में एसएसपी दफ्तर में शिकायत की गई है। मामले में जांच के आदेश दिए गए है।
थाना सीबीगंज क्षेत्र के महेशपुरा निवासी सद्दाम ने बताया कि उनकी लिहाफ गद्दों की दुकान गन्ना मिल के पास है। यूपी 112 पर तैनात पुलिसकर्मी ने उनसे गद्दा बनवाया, जिसकी कीमत 980 रुपये है। मंगलवार शाम को पुलिसकर्मी दुकान पर आया और गद्दा मांगा। गद्दा लेकर वह बिना रुपये दिए ही जाने लगा तो सद्दाम ने टोक दिया।
सद्दाम का आरोप है कि पुलिसकर्मी ने गद्दा फेंककर उसकी पिटाई लगा दी। दूसरे ग्राहक भी घटना देखकर भाग खड़े हुए। दुकानदार ने यूपी 112 को कॉल किया तो पुलिसकर्मी धमकी देकर चला गया। आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी पांच दिनों से उसे परेशान कर रहा है। उसने दुकान में आग लगाने की धमकी दी है। एसएसपी दफ्तर में शिकायतें सुन रहे अधिकारियों ने जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया है।