बरेली। पुलिस अब महापुरुषों की प्रतिमाओं की सुरक्षा भी करेगी। एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर 15 दिन का अभियान चलाकर बीट के सिपाही गांव-मोहल्लों में जाकर प्रतिमाओं का स्थलीय निरीक्षण करेंगे और जानकारी जुटाएंगे। यह भ्रमण प्रतिदिन दोपहर चार बजे से शाम सात बजे तक किया जाएगा।
एसएसपी ने बताया कि 20 अप्रैल से पांच मई तक चलने वाले अभियान की एएसपी रोज मॉनिटरिंग करेंगे। निरीक्षण के दौरान पुलिस गांव-मोहल्लों में गोष्ठी कर प्रतिमाओं के लिए पांच सदस्यों की सुरक्षा समिति बनाएगी।
समिति को प्रतिमा के पास ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत सीसीटीवी कैमरे लगवाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। प्रतिमा के चारों तरफ लोहे की ग्रिल लगवाई जाएगी और प्रकाश की व्यवस्था की जाएगी। क्षतिग्रस्त की गई प्रतिमाओं की पुलिस खास निगरानी करेगी। किसी विवाद के चलते प्रतिमा क्षतिग्रस्त की गई है तो उसका ब्यौरा भी पुलिस के पास रहेगा। ब्यूरो