फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुलिस ने की सख्ती तो मंडी-बाजार में सुधरे हालात

विज्ञापन
श्यामगंज किराना मंडी में सोमवार को अन्य दिनों की अपेक्षा हालात कुछ सुधरे हुए नजर आए। - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
विज्ञापन

नगर निगम का कमांडो फोर्स भी सड़कों पर निकला, लोगों को दूरी बनाए रखकर खरीददारी करने को कहा

अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

बरेली। शहर की मंडियों और बाजार में पांच दिन तक लॉक डाउन की धज्जियां उड़ने के बाद सोमवार को पुलिस और नगर निगम की कमांडो फोर्स ने सख्ती की तो हालात कुछ हद तक सुधरे दिखाई दिए। हालांकि सुबह सात बजे जब बाजार खुला तो रोज की तरह भीड़ उमड़नी शुरू हो गई लेकिन कुछ ही देर बाद पुलिस और सख्ती शुरू की तो भीड़ छंटने लगी। मंडियों में गोल घेरे बनवाकर लोगों को दूरी बनाए रखकर खरीददारी करने को कहा गया तो श्यामगंज में अपनी दुकानों के आगे भीड़ लगाकर सरकारी निर्देशों की सबसे ज्यादा धज्जियां उड़ा रहे दुकानदारों को भी पुलिस ने कई बार चेताया। दुकानों के आगे भीड़ कम हुई तो दुकानदारों ने पुलिस पर बेवजह सख्ती का भी आरोप लगा दिया।

डेलीपीर मंडी: डंडे बजे तो साफ हुई भीड़

डेलापीर सब्जी मंडी पर सुबह छह बजे पुलिस तैनात कर दी गई। उन्हीं आढ़तियों और ग्राहकों को अंदर आने दिया गया जो मास्क लगाए हुए थे। डंडे चलाकर मंडी के बाहर खड़े फड़ वालों को खदेड़ दिया गया। आढ़तियों के मुताबिक इस सख्ती से रोज की अपेक्षा करीब 50 फीसद कम कारोबार हुआ। काफी सब्जी और फल खराब हुए तो उन्हें सड़कों पर फेंक दिया गया। इस वजह से मंडी में चारों तरफ गंदगी का अंबार दिखाई दिया।

श्यामगंज: ठेले-खोमचे खदेड़े, दुकानदारों को चेतावनी

श्यामगंज किराना बाजार में सोमवार को भी सुबह सात बजे ही भीड़ उमड़ पड़ी। कुछ देर बाद यहां पुलिस के साथ पहुंचे नगर निगम के कमांडो ने पहले तो सड़कों पर लगे ठेले-खोमचे वालों को वहां से खदेड़ा, फिर दुकानों के आगे भीड़ लगवाकर दुकानदारी कर रहे दुकानदारों को लोगों के बीच दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए गए। मंडी में तमाम लोग बिना मास्क लगाए पहुंचे थे। आटा, दाल-चावल के साथ व्रत के सामान की भी कीमतें चढ़ी हुई थीं जिस पर लोग आपत्ति भी जताते रहे।

एलन क्लब मंडी: भीड़ को हटाया, दुकानों के आगे गोल घेरा बनाया

एलन क्लब सब्जी मंडी में नगर निगम के कमांडो के साथ कुछ पुलिस वाले तैनात किए गए थे। दुकानों के सामने लोगों के बीच दूरी बनाए रखने के लिए गोल घेरे बनाए गए थे, हालांकि लोग इन्हें नजरअंदाज कर खरीददारी करते रहे। तमाम ऐसे लोगों के साथ दुकानदारों को भी पुलिस वालों ने चेतावनी दी। मंडी कारोबारी शहीम खान ने यहां खरीददारी करने पहुंचे तमाम लोगों को मास्क दिए। दुकानदारों ने यहां भी सख्ती की वजह से कारोबार कम होने की बात कही।

पुलिस ने नो एंट्री में घुसवा दिया ट्रक

सुबह करीब नौ बजे एक ट्रक श्यामगंज के किराना बाजार में घुस गया। इससे बाजार में हड़कंप मच गया। संकरा रास्ते पर ट्रक आने से लोग नालियों पर टिककर खुद को बचाते रहे। दुकानदारों ने बताया कि थाना बारादरी की पुलिस ने ही ट्रक को अंदर घुसवा दिया। ट्रक देर रात आया था और सुबह आठ बजे खाली हुआ।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें