हरियाणा से तस्करी कर प्रदेश में लाई गई हरियाणा ब्रांड की शराब से भरा ट्रक पुलिस ने पकड़ लिया। चालक और हेल्पर को हिरासत में लेकर पुलिस ने ट्रक सेंथल चौकी पर खड़ा करा दिया। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।
हाफिजगंज एसओ सौरभ सिंह ने बताया कि शनिवार को वह टीम के साथ हाईवे पर चेकिंग कर रहे थे। संदिग्ध लगने पर एक डीसीएम को रोका। पूछने पर चालक ने ट्रक में सीमेंट होने की बात कही। जब तिरपाल हटाकर देखा तो उसमें शराब की पेटियां भरी थीं।
चालक ने बताया कि उसने हरियाणा के पानीपत से ट्रक लोड किया था। उसे इसमें सीमेंट होने की बात बताई गई थी। हालांकि पुलिस अभी यह नहीं पता लगा पाई है कि ट्रक में इतनी बड़ी मात्रा में शराब कहां ले जाई जा रही थी।
फिलहाल हाफिजगंज पुलिस ने ट्रक कब्जे में लेकर सेंथल चौकी पर खड़ा करा दिया है और चालक व हेल्पर से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का मानना है कि इसके पीछे कोई बड़ा गैंग काम रहा है, जो बड़ी मात्रा में हरियाणा की शराब प्रदेश में सप्लाई कर रहा है।