बरेली। रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए आम लोगों को टरकाने वाली पुलिस ने अपने सिपाही का नाखून टूटने पर टेंपो वाले के खिलाफ तुरंत रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस लाइन में तैनात मुख्य आरक्षी राकेश तिवारी ड्यूटी के बाद कमरे पर जाने के लिए चौपुला चौराहे पर टेंपो का इंतजार कर रहे थे। तभी एक टेंपो तेजी से आया और उनको टक्कर मार दी। इससे सिपाही के दाहिने हाथ का नाखून टूट गया और हाथ पर खरोंच लग गई। विपिन ने टेंपो नंबर के आधार पर कोतवाली में तहरीर दी। कभी जांच करने के नाम पर तो कभी मामूली घटना बताकर आम लोगों को टरकाने वाली पुलिस ने सिपाही के मामले में बिना जांच किए तत्काल टेंपो वाले के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। टेंपो संचालकों का कहना है कि जितनी तत्परता पुलिस ने इस मामले में दिखाई, उतनी अन्य मामले में भी दिखाए तो लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी। ब्यूरो