फरीदपुर। क्षेत्र में एक दर्जन से अधिक गांवों को जाने वाले मार्ग पर अब भी जलभराव है। इससे यहां आवागमन बाधित हो गया है। इसके अलावा क्षेत्र में 38 गांव बाढ़ की चपेट में है। बृहस्पतिवार को एसडीएम फरीदपुर अजय उपाध्याय और सीओ गौरव सिंह ने यहां पहुंचकर निरीक्षण किया। राहत व बचाव कार्यों के लिए निर्देश दिए हैं।
रामगंगा नदी, बहगुल नदी एवं देवहा नदी में बढ़े जलस्तर से फरीदपुर तहसील क्षेत्र के लगभग 38 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। लगभग एक दर्जन से अधिक गांवों को जाने वाले मार्गों पर जलभराव के कारण आवागमन भी बाधित हो रहा है। तहसील प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित गांवों का निरीक्षण किया है। इसके अलावा कांवड़ यात्रा के मद्देनजर एसडीएम और सीओ ने थाना इंचार्ज के साथ कादरगंज व पढ़ेरा गांव में रामगंगा घाट का निरीक्षण किया, जहां से कावड़िये भारी मात्रा में जल भरकर पचौमी व पहलऊ शिव मंदिर पर जलाभिषेक करते हैं।
एसडीएम ने इन गांवों में प्रभावित लोगों को राहत दिलाने के लिए निर्देश दिए हैं। इसके अलावा इन क्षेत्रों में स्वास्थ्य महकमा की ओर से स्वास्थ्य शिविर लगाकर मरीजों को दवाइयां भी वितरित की जा रही है। संवाद