बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र के मोहल्ला जोगी नवादा में कांवड़ यात्रा निकालने को लेकर रविवार को सुबह से ही खींचतान चल रही थी। शाम पांच बजे डीएम शिवाकांत द्विवेदी और एसएसपी प्रभाकर चौधरी के आदेश पर पुलिस ने कांवड़ियों पर लाठीचार्ज कर दिया। इससे कांवड़ियों में भगदड़ मच गई। एसएसपी ने बताया कि जत्थे में शामिल अराजकतत्व ने फायरिंग की। स्थिति को संभालने के लिए लाठी फटकारनी पड़ी।
पिछले सोमवार को जोगी नवादा में दो समुदाय आमने-सामने आ गए थे। पत्थरबाजी भी हुई थी। इस बार फिर कांवड़ियों का जत्था निकाला जाना था। सुबह नौ बजे कांवड़िये जत्था निकाल रहे थे। दूसरे समुदाय का कहना था कि यह नई परंपरा डाल रहे हैं। यह रूट इनका नहीं है।
डीजे बजाने पर अड़े थे कांवड़िये
प्रशासन ने दूसरे पक्ष को मना लिया और कांवड़ियों का जत्था निकालने के लिए कहा गया, मगर शर्त रखी गई कि डीजे नहीं बजाया जाएगा। इस पर कांवड़िये तैयार नहीं हुए। इसी को लेकर सुबह से रस्साकशी चल रही थी। इसी दौरान कुछ महिलाओं ने पीलीभीत बाईपास पर धरना शुरू कर दिया कि जत्था नहीं निकालने दे रहे हैं।
ये भी पढ़ें- 35 दिन... तीन हत्याएं: सीरियल किलर या है एक ही गैंग, इस आशंका से शाही में खौफ; महिलाओं ने खेत जाना छोड़ा
अज्ञात युवक ने की फायरिंग
उन्हें समझा-बुझाकर कुछ देर में वहां से उठा लिया गया। इधर शाम पांच बजे कांवड़ियों के जत्थे में शामिल किसी युवक ने फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने कांवड़ियों पर लाठियां भांजनी शुरू कर दीं। कुछ लोग इसमें घायल हो गए। पुलिस ने कुछ अराजक तत्वों को गिरफ्तार भी किया है। जोगी नवादा क्षेत्र को छावनी बना दिया गया है। मौके पर पुलिस और पीएसी के साथ पैरामिलिट्री फोर्स तैनात की गई है।
बीते रविवार को हो चुका है बवाल
जोगी नवादा में बीते रविवार को कांवड़ यात्रा के दौरान बवाल हो गया था। प्रारंभिक जांच में एक ओर से गुलाल फेंकने के बाद दूसरी ओर से पथराव की बात सामने आई। इस मामले में दो मुकदमे भी दर्ज हो चुके हैं और कई वीडियो व सीसीटीवी फुटेज से घटनाक्रम की विवेचना की जा रही है। आईजी रेंज के निर्देशन में बदायूं के एसएसपी इस मामले की जांच कर रहे हैं। इस रविवार को फिर तनाव की स्थिति बन गई थी।